पीलीभीत/बरखेड़ा। जिले के समस्त 14 थानों में माह के पहले शनिवार को पीलीभीत मॉडल ऑफ समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें सुबह दस बजे से थानाध्यक्ष राजस्व टीम के साथ फरियादियों की शिकायत के निस्तारण में जुट गए। सुनगढ़ी में एसएचओ गोपीचंद यादव, तो कोतवाली में कोतवाल देशपाल सिंह ने शिकायतों को सुना। सीओ सिटी निशंाक शर्मा ने दोनों थानों में पहुंचकर समाधान कराया। सुनगढ़ी में कुल नौ शिकायतें आई। जिसमें सात का मौके पर निस्तारण कराया गया। दो मामलों में दूसरे पक्ष के मौके पर न पहुंचने पर समाधान नहीं हो सका। उधर, कोतवाली में तीन में से एक का मौके पर निस्तारण किया गया। डीएम शीतल वर्मा और एसपी देवरंजन वर्मा राउंड लेकर समाधान की हकीकत परखने निकले। बरखेड़ा पहुंचकर डीएम-एसपी ने हिस्ट्रीशीटर, त्योहार और समाधान रजिस्टर को चेक किया। इसके बाद डीएम शीतल वर्मा ने क्षेत्र की सरकारी जमीन से कब्जा न हटाए जाने की बात पर लेखपालों से नाराजगी जताई। उनकी जमकर फटकार लगाई गई और सोमवार तक क्षेत्र में ग्राम समाज की जमीन पर हुए कब्जे हटवाने के निर्देश दिए। खतौनियों को अपडेट करने का भी निर्देश दिया गया। बरखेड़ा में आई तीन शिकायतों में एक का निस्तारण हो सका।
बीसलपुर। एसपी देवरंजन वर्मा की अध्यक्षता में कोतवाली में आयोजित समाधान दिवस में कुल 30 शिकायतें आई। जिसमें 29 शिकायतें राजस्व संबंधी और एक पुलिस विभाग की रही। जिनके निस्तारण के लिए राजस्व टीम की मदद से पुलिस को समाधान करने के निर्देश दिए। समाधान दिवस में कोतवाल एसके सिंह, नायब तहसीलदार अजय सक्सेना, चकबंदी अधिकारी जीडी पांडेय, एसएसआई उदयवीर सिंह, कस्बा इंचार्ज यशपाल शर्मा आदि मौजूद रहे।