पीलीभीत। जिले में पीएचसी, सीएचसी सहित महिला अस्पताल व अन्य सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सकों के अभाव में मरीजों को इलाज प्रभावित हो रहा है। विभाग पर 120 चिकित्सकों के सृजित पदों की तुलना में महज 58 चिकित्सकों की ही उपलब्धता है। इससे 120 चिकित्सकों का भार 58 चिकित्सकों पर बना रहता है। हालांकि विभाग अपनी ओर से शासन स्तर से जल्द रिक्त पदों पर भर्ती करने का दावा कर रहा है।
स्वास्थ्य विभाग में वर्तमान में 35 एमबीबीएस विभाग से, 15 राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन व बीएएमएस आयुष के 8 पदों पर चिकित्सक नियुक्त हैं। वहीं, जिले में 25 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, 5 अर्बन पीएचसी, 11 सीएचसी संचालित होती है। जिन पर एमबीबीएस चिकित्सक की तैनाती आवश्यक है, लेकिन विभाग के स्वीकृत पद 120 के अपेक्षा सिर्फ 58 पदों में से 62 पद रिक्त रहने के कारण तैनात चिकित्सकों के कंधों पर 120 का जिम्मा है।
यह चिकित्सक स्वास्थ्य केंद्रों पर मरीजों के परामर्श के साथ क्षेत्र में योजनाओं से मरीजों को लाभान्वित, ऑनलाइन रिपोर्टिंग, दवाएं भंडार तक की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। हालांकि विभाग में कमी के चलते ग्रामीण क्षेत्रों में मरीजों को इलाज एमबीबीएस चिकित्सकों की उपलब्धता नहीं होने से मरीजों को परामर्श में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है व इलाज के लिए दूरदराज से जिला अस्पताल या फिर दूसरे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेफर होना पड़ता है।
इन पीएचसी पर एमबीबीएस चिकित्सकों की तैनाती नहीं
जिले में कई प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ऐसे है, जहां पर एमबीबीएस चिकित्सक की तैनाती नहीं है। इनमें बीएएमएस स्तर के चिकित्सक सेवाएं दे रहे हैं। ऐसी पीएचसी में गजरौला, बड़ेगांव, ईटगांव, गांधीनगर, भिखारीपुर, सुहास, शिवनगर, चुर्रा सकतपुर, शिवपुरिया नवदिया सहित अन्य में बीएएमएस सेवाएं दे रहे हैं।
ड्यूटी के फेर से चलता है काम
विभाग की ओर जिस प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर एमबीबीएस चिकित्सकों की तैनाती नहीं है। वहां करीब की पीएचसी से एक-दो दिन का परामर्श एमबीबीएस चिकित्सक की ओर से बतौर ड्यूटी लगाते हुए कर दिया जाता है। इससे एमबीबीएस चिकित्सक की ओपीडी के दिन परामर्श के लिए मरीजों की भीड़ तक जुटी रहती है। संवाद
-
जिले में जो भी पद चिकित्सक रिक्त हैं। शासन स्तर से एक पोर्टल विकसित हो रहा है। उसके बाद जल्द ही यह पद भी भरे जाएंगे।
- डॉ. बीसी पंत, मुख्य चिकित्साधिकारी