खाली खेत में चार बाघ देख किसान के छूटे पसीने
सूचना पर वन विभाग की निगरानी टीम मौके पर पहुंची
पगचिह्न ट्रेस कर चार बाघों की एक साथ मौजूदगी की पुष्टि
अमर उजाला ब्यूरो
अमरिया (पीलीभीत)। लंबे समय से अमरिया क्षेत्र के खेतों और नदी किनारे उगी झाड़ियों में डेरा जमाने के साथ क्षेत्र में दहशत का पर्याय बने बाघों का एक कुनबा शनिवार एक फार्म हाउस के निकट पहुंच गया। फार्मर की नजर पड़ी तो उसके पसीने छूट गए। सूचना पर वन विभाग की निगरानी टीम ने चार बाघों की एक साथ मौजूदगी की पुष्टि के साथ क्षेत्र के लोगों को अलर्ट कर दिया है। घटना के बाद से क्षेत्रवासी दहशतजदा हैं।
गांव खली नवादा निवासी हरनिंदर सिंह फार्मर हैं। खेत में ही इनका घर बना है। उन्होंने बताया कि शनिवार शाम करीब पांच बजे जैसे ही वह अपने मकान से बाहर निकलकर खेतों की ओर घूमने के लिए चले तो सामने मात्र दो सौ मीटर की दूरी पर खाली पड़े खेत में उन्हें चार-पांच बाघ घूमते दिखाई दिए। जो बराबर में कुलवंत सिंह के गन्ने के खेत में जाकर बैठ गए। इतनी संख्या में एक साथ बाघ देखकर उनके पसीने छूट गए। वापस घर की ओर भागे और शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। बाद में उन्होंने इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना पर वन विभाग की निगरानी टीम के चेतन कुमार और डब्लूटीआई (वाइल्ड लाइफ ट्रस्ट ऑफ इंडिया) के वन पशु विशेषज्ञ फ्रांसिस स्माइल, असिस्टेंट पालू ने मौके पर पहुंच कर बाघों के पगचिह्न ट्रेस किए। वन पशु विशेषज्ञ फ्रांसिस स्माइल ने बताया कि खेत में मिले पगचिह्न चार अलग-अलग बाघों के हैं। इनमें एक बाघ बड़ा है और तीन बाघ छोटे हैं। वन विभाग की टीम ने क्षेत्र के लोगों को सतर्क किया है। उनसे खेतों की ओर जाने से परहेज करने अथवा जरूरी होने पर समूह में खेत की ओर शोर मचाते हुए जाने की सलाह दी है। घटना के बाद सेे क्षेत्र के लोग दहशत में हैं।