एमआर प्रकरण: डॉक्टर समेत स्टाफ से मांगा स्पष्टीकरण
शुक्रवार को सिटी मजिस्ट्रेट और एसडीएम ने मारा था छापा
अमर उलाला ब्यूरो
पीलीभीत। डीएम के निर्देश पर पुराने जिला अस्पताल में डॉक्टर की अनुपस्थिति में मरीजों को देखने व दवाई लिखने वाले एमआर पर शिकंजा कसते ही सीएमओ ने भी सख्ती दिखाई है। सीएमओ डॉ. सीमा अग्रवाल ने अनुपस्थित डॉक्टर सहित पूरे स्टाफ से स्पष्टीकरण मांग लिया है। इस कार्रवाई से स्वास्थ्य महकमे में अफरा तफरी मची हुई है।
शुक्रवार सुबह डीएम डॉ. अखिलेश मिश्रा के निर्देश पर सिटी मजिस्ट्रेट अर्चना द्विवेदी व एसडीएम सदर सौरभ दुबे ने पुराने जिला अस्पताल में छापेमारी करते हुए जिला कुष्ट रोग अधिकारी डॉ. आरके सक्सेना की अनुपस्थिति में उनकी जगह पर कोतवाली के त्रिपुती गोल्डन पार्क में रहना वाला एमआर विष्णु गोपाल को रंगे हाथ मरीजों को देखते व दवा लिखते पकड़ा था। इस मामले में एसीएमओ डॉॅ. पीके अग्रवाल की तहरीर पर एमआर के खिलाफ कोतवाली में देर शाम रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। इधर, सीएमओ डॉ. सीमा अग्रवाल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए इस पूरे प्रकरण में डॉ. आरके सक्सेना सहित उनके पूरे स्टॉफ से स्पष्टीकरण तलब कर लिया। पत्र में डॉक्टर आरके सक्सेना की अनुपस्थिति में ओपीडी खोलने, मरीजों को देखने, उनको दवाई देने के साथ-साथ ओपीडी में आने वाले एमआर आदि की जानकारी मांगी गई है। विभागीय सूत्रों से यह भी बात सामने निकलकर आई है कि एमआर के साथ-साथ डॉक्टर भी मरीजों को सिर्फ उसी कंपनी की दवा लिखते थे, जिस मेडिकल कंपनी में एमआर नौकरी करता था।