महिला अस्पताल को मिलेगा रेडियोलॉजिस्ट
वर्तनाम में दोनों अस्पतालों की जिम्मेदारी एक रेडियोलॉजिस्ट पर
अमर उजाजा ब्यूरो
पीलीभीत। जिला महिला अस्पातल में आनी वाली गर्भवती महिलाओं के साथ-साथ अल्ट्रासाउंड कराने वाले अन्य मरीजों को इधर उधर नहीं भटकना पड़ेगा। सालों से महिला अस्पताल में खाली चल रहे रेडियोलॉजिस्ट के पद पर डॉ. कौशलेंद्र कुमार सेन की जल्द तैनाती होगी। इससे मरीजों की समस्या काफी हद तक कम हो जाएगी।
कई सालों से जिला महिला अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट का पद खाली चल रहा है। ऐसे में जिला पुरुष अस्पताल में तैनात रेडियोलॉजिस्ट डॉक्टर जगदीश पर जिला महिला अस्पताल की जिम्मेदारी भी है। दो शिफ्टों में डॉ जगदीश अल्ट्रासाउंड करते हैं। जिस कारण जिला महिला अस्पताल में गर्भवती महिलाओं के साथ अन्य बीमारियों से संबंधित अल्ट्रासाउंड कराने आए मरीजों को दिक्कत का सामना करना पड़ता है। महिला अस्पताल में आने वाली प्रतिदिन सौ से डेढ़ सौ महिलाओं के पर्चे पर अल्ट्रासांउड कराने के लिए लिखा जाता है। दूसरे दिन भी इन महिलाओं का अल्ट्रासाउंड हो जाए इसकी कोई गारंटी नहीं। लिहाजा अधिकांश को निजी अस्पताल का सहारा लेना पड़ता है। सीएमओ डॉ. सीमा अग्रवाल ने बताया कि रेडियोलॉजिस्ट के रिक्त पद पर डॉक्टर की तैनाती के लिए शासन को अवगत कराया गया था। नैनीताल जिला अस्पताल में तैनात डॉ. कौशलेंद्र कुमार सेन जल्द रेडियोलॉजिस्ट के रिक्त पद पर ज्वाइन कर लेंगे।