बरखेड़ा (पीलीभीत)। संगठन से दिए गए इस्तीफा की कॉपी सोशल साइट्स पर अपलोड करने पर हिंदू युवा वाहिनी के जिलाध्यक्ष ठाकुर मनीष सिंह भड़क गए। आरोप है कि जिलाध्यक्ष ने इस्तीफा देने वालों को फोन करके धमकाया और तत्काल पोस्ट सोशल साइट्स से डिलीट करने को कहा। न करने पर इंस्पेक्टर बरखेड़ा से पिटवाने की धमकी दी। इस मामले का ऑडियो सोशल साइट्स पर वायरल होने के बाद खलबली मच गई है।
हिंदू युवा वाहिनी के बरखेड़ा ब्लाक के अध्यक्ष रहे मनोज रस्तोगी, उपाध्यक्ष श्रीकृष्ण समेत कई कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को संगठन से इस्तीफा दे दिया था। इस्तीफे की प्रति श्रीकृष्ण ने फेसबुक पर भी शेयर कर दी। आरोप है कि इस बात से खफा हिंदू युवा वाहिनी के जिलाध्यक्ष ठाकुर मनीष सिंह ने श्रीकृष्ण को फोन करके धमकाया। इसका एक ऑडियो वायरल किया गया है, जिसमें पोस्ट डिलीट न करने पर इंस्पेक्टर बरखेड़ा से पिटवाने की धमकी दी गई। इसकी पूर्व ब्लॉक उपाध्यक्ष श्रीकृष्ण, विकास समेत कई कार्यकर्ताओं ने पुलिस से भी शिकायत की है। इधर, वायरल ऑडियो के बाद हिंयुवा के वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष प्रशांत द्विवेदी ने जिलाध्यक्ष के प्रतिनिधि के तौर पर मीडिया के सामने आरोपों को गलत बताया है।
कुछ लोग शिकायत लेकर आए थे। उनकी तरफ से पहले संयुक्त तहरीर दी गई थी। इसके बाद वह दूसरी तहरीर लिखकर आने की बात कहकर चले गए। अभी दूसरी तहरीर हिंयुवा जिलाध्यक्ष के खिलाफ नहीं दी है। अगर कोई शिकायत मिलती है, तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी। -राजकुमार भारद्वाज, इंस्पेक्टर बरखेड़ा
गलत आरोप लगाते हुए संगठन को छोड़ने के बाद बदनामी करते हुए सोशल मीडिया पर अनर्गल पोस्ट की गई थी। इसी को लेकर फोन करके बताया गया। वायरल किए गए ऑडियो में संगठन छोड़ने का सही कारण भी निकलकर आया है, जबकि इस्तीफे में कुछ और आरोप लगाए गए थे। मैने कोई गलत बयानबाजी या फिर धमकाने वाली बात नहीं की है। - ठाकुर मनीष सिंह, जिलाध्यक्ष हिंयुवा
पूर्व ब्लाक अध्यक्ष पर रिपोर्ट के आदेश
बरखेड़ा। हिंदू युवा वाहिनी के नवागत ब्लाक अध्यक्ष शशिकांत कुशवाहा ने पुलिस को तहरीर दी है। जिसमें पूर्व ब्लाक अध्यक्ष मनोज रस्तोगी पर संगठन की छवि बिगाड़ने की कोशिश करने, इस्तीफा देने का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। यह भी कहा कि उनकी बिना मर्जी के इस्तीफा सोशल साइट्स पर डाल दिया। इसमें तीन अन्य लोगों के नाम भी साथियों के तौर पर दिए गए हैं। इंस्पेक्टर बरखेड़ा राजकुमार भारद्वाज ने बताया कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है।