प्रदर्शनी में प्रदेश भर के शामिल हुए 300 प्रोजेक्ट
पीलीभीत। बेनहर पब्लिक स्कूल के मेधावियों ने 29 नवंबर को लखनऊ में हुई राज्य स्तरीय प्रदर्शनी में अपनी मेधा का परचम लहराया था। इन सभी ने कैश अवार्ड जीते हैं। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर शनिवार को विद्यालय में हुए एक समारोह में चारों मेधावियों और शिक्षकों को सम्मानित किया गया।
लखनऊ में 29 नवंबर को सर जेसी बोस अभिनव नव प्रवर्तन राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इसमें लखनऊ, गाजियाबाद, नोएडा, बाराबंकी, कानपुर, मुरादाबाद, वाराणसी, मिर्जापुर, गोरखपुर, सोनभद्र, बरेली समेत कई जिले के स्कूलों ने भाग लिया। विद्यालय की प्रधानाचार्य अल्पना कोहली ने बताया कि इस राज्यस्तरीय प्रदर्शनी के लिए बेनहर पब्लिक स्कूल आठ विद्यार्थियों समेत पूरे प्रदेश से 300 से अधिक प्रोजेक्टस शामिल किए गए। राज्य स्तरीय प्रदर्शनी में विद्यालय के आर्यन प्रखर, अक्षत जायसवाल, हर्षित मिश्रा, जयन अग्रवाल, श्रेया अग्रवाल, श्रुति अग्रवाल, सक्षम अग्रवाल और हृदयेश ने हिस्सा लिया। बताया कि दो वर्गों में आयोजित हुई इस प्रदर्शनी में आर्यन प्रखर, अक्षत जायसवाल, हर्षित मिश्रा व जयन अग्रवाल ने क्रमश: 30 हजार, 20 हजार, दस हजार व पांच हजार रुपये के कैश अवार्ड जीते। निर्णायक मंडल में नव प्रवर्तन केंद्र के वैज्ञानिक मनीष मोहन सक्सेना, एएस विद्यार्थी, अनिल यादव, डॉ.एमकेजे सिद्दीकी शामिल रहे। इधर शनिवार को विद्यालय में हुए एक समारोह में संस्थापक प्रधानाचार्य रंजीत सैहमी व प्रशासक परविंदर सिंह सैहमी ने चारों विद्यार्थियों व उनके मार्गदर्शक शिक्षकों को सम्मानित किया। इस दौरान जिला विज्ञान क्लब के समन्वयक रहे लक्ष्मीकांत शर्मा का भी आभार जताया गया। इस मौके पर प्रधानाचार्य अल्पना कोहली समेत सभी शिक्षक शिक्षिकाएं मौजूद रहे।