पीलीभीत। राजकीय मेडिकल कॉलेज पीलीभीत के 100 एमबीबीएस छात्रों ने एक अनूठी पहल के तहत गजरौला कलां गांव के 300 परिवारों को गोद लिया है। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना व सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति लोगो को जागरूक करना रहेगा।
कॉलेज प्रशासन की निगरानी में शुरू हुई इस योजना के अंतर्गत एमबीबीएस छात्र गांव में नियमित रूप से जाकर परिवारों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं सुनेंगे और उनका समाधान करेंगे। कॉलेज के 100 छात्रों में प्रत्येक छात्र को तीन-तीन परिवार सौंपे गए हैं, जिनकी जिम्मेदारी वह वर्ष भर निभाएंगे। इसके तहत रोगों की जांच, पोषण, साफ-सफाई, गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच, टीकाकरण और प्राथमिक उपचार की सुविधाएं दी जानी हैं। छात्र गांव अपने गोद लिए परिवारों की बीपी, शुगर, हीमोग्लोबिन, वजन, आयु और अन्य मूलभूत जांचें भी करेंगे। परिवारों को लेकर गांव की आशाओं ने परिवारों को सूचीबद्ध कर मेडिकल कॉलेज का सौंपा है। मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य डॉ. संगीता अनेजा ने बताया कि 300 परिवारों को गोद लेने का उद्देश्य लोगों में सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति विश्वास बढ़ाना है। इन परिवारों में गर्भवती महिलाएं, बुजुर्ग बच्चों को अधिक लाभ मिलेगा, जो लोग जिला अस्पताल नहीं पहुंच पा रहे उनका हमारे छात्र गांव में ही पहुंचकर उनका स्वास्थ्य सेवाएं देंगे।
300 परिवारों के आंगन में होगा पौधारोपण
हालही में शासन की ओर से पीलीभीत मेडिकल कॉलेज को 10 हजार पौधरोपण का कार्य मिला है। 100 एमबीबीएस छात्र अपने गोद लिए परिवार के आंगन में भिन्न नीम, ग्लाेई, अजवायन, एलोवेरा, लेमनग्रास आदि लगाएंगे। बच्चों से पौधारोपण को लेकर उप प्राचार्य डॉ. अरुण कुमार को जिम्मेदारी दी गई है।