हरियाणा के फरीदाबाद में एक सिरफिरे व्यक्ति ने पुलिस कंट्रोल रूम के हेल्पलाइन पर तैनात महिला पुलिसकर्मियों की नाक में दम कर दिया है। यह व्यक्ति बार-बार फोन कर अश्लील शब्द बोलता है।
समझाने के बावजूद वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। उल्टा पुलिसकर्मियों को धमकी दे रहा है कि वह उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकते।
बताया जा रहा है कि आठ सितंबर को पुलिस कंट्रोल रूम के हेल्पलाइन नंबर पर एक फोन आया। पुलिसकर्मी ने फोन सुना तो फोन करने वाला व्यक्ति फिजूल की बातें करने लगा। इस पर पुलिसकर्मी ने फोन रख दिया।
उसके बाद भी वह व्यक्ति लगातार फोन कर हेल्पलाइन नंबर को व्यस्त करता रहा। पुलिसकर्मियों ने उसे फोन करने से मना किया। उसे समझाया कि यह नंबर आम आदमी की सुविधा के लिए है। इस पर आप बिना वजह फोन न करें।
आरोप है कि महिला पुलिसकर्मियों ने फोन सुना तो वह सिरफिरा व्यक्ति उन्हें अपशब्द बोलने लगा। महिला पुलिसकर्मियों ने उसे डराने का प्रयास किया तो कहने लगा कि मेरा कोई कुछ भी नहीं बिगाड़ सकता।
महिला पुलिसकर्मियों ने अपने पुरुष सहकर्मियों को इस बारे में बताया, जिस पर उन्होंने इस सिरफिरे व्यक्ति का फोन आने पर उसे फटकारा। उसके बाद पुलिस को लगा कि अब फोन नहीं आएगा, लेकिन वह बार-बार फोन कर पुलिसकर्मियों को परेशान करता रहा।
परेशान होकर कंट्रोल रूम पर तैनात पुलिसकर्मियों ने उस नंबर की जानकारी जुटाई, जिससे यह व्यक्ति फोन कर रहा था। इस मामले में पुलिसकर्मियों ने साइबर सेल की भी मदद ली।
जिसके बाद मामले की शिकायत थाना सेंट्रल में कर दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल आरोपी पुलिस के हाथ नहीं लग सका है। बता दें कि ऐसा यह पहला मामला नहीं है।
इससे पहले भी एक व्यक्ति को इसी तरह की हरकत करने पर गिरफ्तार किया जा चुका है।