नोएडा के सेक्टर-62 स्थित उत्तर प्रदेश टेक्निकल यूनिवर्सिटी (यूपीटीयू) के नोएडा सेंटर में वर्चुअल क्लास स्टूडियो तैयार किया गया है। इसके जरिये ऑनलाइन लेक्चर, फैकल्टी डेवलपमेंट और ट्रेनिंग प्रोग्राम कराए जाएंगे।
इसका कामकाज सोमवार से शुरू किया जाएगा। शुरुआत मैकेनिकल इंजीनियरिंग के लिए होने वाले शॉर्ट टर्म प्रोग्राम से होगी।
इस स्टूडियो को नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्निकल टीचर्स ट्रेनिंग एंड रिसर्च, चंडीगढ़ के सहयोग से तैयार किया गया है।
इस स्टूडियो के दोनों संस्थानों के बीच शैक्षिक गठजोड़ हुआ है। इसकी शुरुआत के मौके पर यूपीटीयू के वाइस चांसलर डॉ. आरके खांडल और रजिस्ट्रार यूएस तोमर नोएडा कैंपस पहुंचेंगे।
इस मौके पर नेशनल इंस्टीट्यूट के प्रतिनिधि भी ट्रेनिंग देने के लिए कार्यक्रम में शामिल होंगे। सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, आगरा और मथुरा के शिक्षण संस्थानों के निदेशक और फैकल्टी भी शामिल होंगे।
यहां स्टूडियो के पूरे कामकाज की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही स्टूडियो का पहला शॉर्ट टर्म प्रोग्राम संचालित किया जाएगा जो 15 नवंबर तक चलेगा।
इसके बाद नवंबर में ही दूसरा प्रोग्राम होगा जबकि फरवरी और मार्च में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस योजना के तहत 18 से 22 नवंबर तक कंप्यूटर साइंस फैकल्टी के लिए नेटवर्क सिक्योरिटी, 25 से 29 नवंबर तक करिकुलम इंप्लीमेंटेशन, 10 से 14 फरवरी तक एनवायरमेंटल इंजीनियरिंग, 3 से 7 मार्च तक एमसीयू बेस्ड इंबेडिड सिस्टम और 10 से 14 मार्च तक वीएलएसआई पर शॉर्ट प्रोग्राम आयोजित होंगे।