नोएडा की पूर्ववर्ती महामाया टेक्निकल यूनिवर्सिटी (एमटीयू) से जुड़े पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कॉलेजों के छात्रों के कैरीओवर एग्जाम मुख्य परीक्षाओं के साथ नहीं होंगे।
उत्तर प्रदेश टेक्निकल यूनिवर्सिटी (यूपीटीयू) की 21 दिसंबर से होने वाली मुख्य सेमेस्टर परीक्षाओं से अलग एमटीयू छात्रों के कैरीओवर एग्जाम कराए जाएंगे।
इसका कार्यक्रम भी अलग से जारी किया जाएगा। मुख्य परीक्षाओं के लिए एडमिट कार्ड तैयार करने का काम शुरू कर दिया गया है।
दरअसल, यूपीटीयू के सत्र 2013-14 की 21 दिसंबर से होने वाली सेमेस्टर परीक्षाओं में जीबीटीयू और एमटीयू छात्रों के लिए अलग-अलग डेटशीट तैयार की गई है।
जीबीटीयू में 2013-14 में पंजीकृत छात्रों की परीक्षाएं रेगुलर और कैरीओवर दोनाें कैटेगरी के लिए होंगी जबकि एमटीयू में पंजीकृत छात्रों की परीक्षाएं सिर्फ रेगुलर कैटेगरी में होंगी।
एमटीयू के कैरीओवर कैटेगरी में आने वाले छात्रों की परीक्षाएं इन मुख्य परीक्षाओं के बाद होंगी। इस बारे में यूपीटीयू के वीसी डॉ. आरके खांडल ने बताया कि एमटीयू के कैरीओवर एग्जाम अलग से होंगे। फिलहाल मेन एग्जाम कराए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि यूपीटीयू के विलय से ठीक पहले एमटीयू की एकेडमिक काउंसिल की बैठक में संबंधित छात्रों के लिए जो फैसले लिए थे उन्हें भी पूरा किया जाएगा।
इसके लिए पहले इन निर्णयों को समझकर, विचार विमर्श किया जाएगा कि किस प्रकार कार्रवाई की जाए। दरअसल, एमटीयू के कैरीओवर एग्जाम का पैटर्न पिछले सत्र में बदल दिया गया था।
दूसरी ओर, डेटशीट पर किसी भी तरह के सुधार के लिए कॉलेज 7 दिसंबर तक अपनी प्रतिक्रियाएं यूपीटीयू को दे सकते हैं।