ग्रेटर में विधानसभाओं की मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए चलाए गए अभियान के तहत जिले में 93,773 मतदाता बढे़ हैं। सबसे ज्यादा नोएडा और सबसे कम जेवर विधानसभा क्षेत्र में नाम शामिल हुए हैं।
उपजिला निर्वाचन अधिकारी संजय चौहान ने बताया कि गौतमबुद्ध नगर में 93,773 मतदाताओं ने अपना नाम शामिल कराने के लिए फॉर्म-6 जमा किए हैं।
इनमें नोएडा में 45,445, दादरी में 37,412 और जेवर में 10,916 लोगों के नाम शामिल किए गए हैं। मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए नोएडा में 2,180, दादरी में 1,171 और जेवर में 3,180 फॉर्म जमा हुए।
वहीं संशोधन के लिए नोएडा में 3,584, दादरी में 5,186 और जेवर में 3,358 मामले आए। ऐसे लोग जो भारत के है और विदेशों में रह रहे है। ऐसे 13 मतदाताओं के नाम शामिल करने के लिए फॉर्म-6(4) जमा हुए हैं।
गौतमबुद्ध नगर जनपद के 3,338 लोगों ने ऑनलाइन सुविधा के तहत अपना नाम शामिल करने के लिए आवेदन किया।
अभियान से पहले गौतमबुद्ध नगर जनपद में कुल 11,45,926 मतदाता थे। तीनों विधानसभा क्षेत्रों में 93,773 लोगों ने नाम शामिल करने और 6,531 लोगों ने नाम हटाने के लिए आवेदन किया है। अब कुल 12,33,168 मतदाता हो गए हैं।