नोएडा के सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन पर मरम्मत कार्य पूरा होने में अभी एक महीना और लगेगा। इस दौरान यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
रविवार को सिटी सेंटर बंद रहा। सोमवार को स्टेशन तो खोला गया, लेकिन प्लेटफार्म नंबर एक पर आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रही। वहीं, दूसरी तरफ गोल्फ कोर्स पर यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
सिटी सेंटर स्टेशन पर पिलर नंबर 174 और 185 में आई दरार को भरने का काम डीएमआरसी कर रहा है, लेकिन यह कार्रवाई कब तक चलेगी इसका सही सही जवाब अभी किसी के पास नहीं है।
डीएमआरसी की ओर से काम को तेजी से पूरा करते हुए जल्द खोलने का दावा तो जरूर किया जा रहा है लेकिन सही तारीख का आकलन नहीं हो पा रहा है।
सोमवार को एक बार फिर यात्रियों को सिटी सेंटर से आगे बढ़कर गोल्फ कोर्स का रुख करना पड़ा जिसकी वजह से गोल्फ कोर्स स्टेशन पर भी भीड़ बढ़ गई है।
बॉटनिकल गार्डन पर रही नो पार्किंग
नोएडा। कार और मोटरसाइकिल सवारों ने मेट्रो पकड़ने के लिए बॉटनिकल गार्डन स्टेशन का रुख किया। यहां पर सुबह दस बजे ही नो पार्किंग का बोर्ड लगा दिया गया।
दो सौ गाड़ियों को यहां पर खड़ा किया जा सकता है, लेकिन सोमवार को दस बजे के बाद आने वालों को दिक्कत उठानी पड़ी।
डायवर्जन से लगा जाम
सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन के आसपास अंडरपास का निर्माण कार्य चल रहा है। ऐसे में यहां पर कुछ जगह पर डायवर्जन किया गया है, जिसकी वजह से सड़क पर अक्सर जाम की स्थिति बन रही है। सिपाहियों की संख्या कम होने की वजह से सर्विस लेन पर भी जाम लग रहा है।