नोएडा में एटीएम बूथ से रुपये निकालने गए एक सिपाही को एटीएम मशीन ने धोखा दे दिया। दस हजार रुपये की रकम भर कर जब उसने बटन बताया तो दस के बजाए मात्र दो हजार रुपये निकले, लेकिन पर्ची दस हजार रुपये निकालने की निकली।
मशीन की गड़बड़ी की शिकायत उसने बैंक अधिकारियों से की, लेकिन अधिकारियों ने ठोस जवाब नहीं दिया। बैंक अधिकारियों के रवैये से नाराज सिपाही ने थाना सेक्टर-24 में रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए शिकायत की है।
जानकारी के मुताबिक थाना सेक्टर-24 में तैनात सिपाही योगेंद्र सिंह शनिवार को सेक्टर-11 स्थित एक बैंक के एटीएम से रुपये निकालने गया। एटीएम मशीन में उसने कार्ड पंच करने के बाद दस हजार रुपये निकालने के लिए बटन दबाया, लेकिन दस हजार के बजाए सौ-सौ के मात्र बीस नोट निकले। पर्ची दस हजार रुपये की थमा दी।
उसने बैंक अधिकारी को जानकारी दी। बैंक अधिकारियों ने कहा कि जिस बैंक का खाता है, उस बैंक से संपर्क करें। सिपाही एसबीआई बैंक के अधिकारियों केपास पहुंचा तो उन्होंने मेरठ ब्रांच का खाता होने का हवाला देते हुए मेरठ ब्रांच में शिकायत करने के लिए कहा।
अफसरों के चक्कर में घनचक्कर बने आठ हजार रुपये की चोट खाए सिपाही ने थाना आकर बैंक अधिकारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने को शिकायत दी। गौरतलब है कि आए दिन कभी नकली नोट तो कभी फटा नोट और कम पैसे निकलने की शिकायतें मिलती रहती हैं। शहर में कई एटीएम तो ऐसे हैं जहां पर गार्ड भी नहीं होता।
एटीएम में पैसे खत्म होने के बाद उसमें रुपये भरने की समय पर सुध भी नहीं ली जाती और उपभोक्ता परेशान होते रहते हैं।