नोएडा में चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी (सीसीएसयू) के प्रोफेशनल कोर्स और बीएड कॉलेजों में दाखिले का अब एक अंतिम मौका बचा है।
नोएडा और ग्रेटर नोएडा के 30 से ज्यादा प्रोफेशनल कोर्स वाले कॉलेजों में दाखिले के लिए सोमवार को ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन बंद हो जाएंगे। जिले के 26 बीएड कॉलेजों की खाली सीटों पर भी दाखिला प्रक्रिया 15 अक्तूबर को खत्म हो जाएगी।
नोएडा और ग्रेटर नोएडा के 26 बीएड कॉलेजों की 2659 खाली सीटों पर दाखिला प्रक्रिया 15 अक्तूबर को खत्म हो रही है।
बीएड ज्वाइंट एंट्रेंस एग्जाम (जेईई) दे चुके छात्र इसमें सीधे प्रवेश ले सकते हैं। कॉलेजों को 20 अक्तूबर तक खाली सीटों पर हुए दाखिलों का ब्योरा सीसीएसयू को भेजना है।
दूसरी ओर, सरकारी कॉलेजों में दाखिला न मिल पाने वाले छात्रों के लिए भी एक मौका बचा है। प्रोफेशनल कोर्सेज में दाखिले के लिए 14 अक्तूबर को शाम 5 बजे तक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन होंगे।
अभी तक दाखिला न मिल पाने वाले छात्र भी अपने आवेदन में बदलाव कर सकते हैं। यूनिवर्सिटी की ओर से इन आवेदनों के आधार पर 14 अक्तूबर देर शाम मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी।
कॉलेजों को 15 और 16 अक्तूबर को दाखिले पूरे करने हैं। हालांकि 16 अक्तूबर को छुट्टी है, जिसके चलते कॉलेज व छात्रों को एक दिन अतिरिक्त दिया जा सकता है।
बीपीएड बैक पेपर फॉर्म 14 तक
सीसीएसयू के निजी कॉलेजों में बीपीएड और एमपीएड के सत्र 2011-12 में काउंसलिंग से प्रवेशित छात्र और सत्र 2010-11 में संस्थान स्तर पर प्रवेशित छात्रों के बैक पेपर परीक्षा फॉर्म 14 अक्तूबर तक ऑनलाइन भरे जाएंगे।
छात्र बैंक चालान से फीस भरकर संबंधित कॉलेजों में 17 अक्तूबर तक फॉर्म जमा कर सकते हैं।