नोएडा में आईआईटी में अगले साल एडमिशन के लिए होने वाले ज्वाइंट एंट्रेंस एग्जाम (जेईई) एडवांस में सभी वर्गों की छात्राओं के लिए आवेदन फॉर्म फ्री होंगे, जबकि जनरल और ओबीसी कैटेगरी के छात्रों के लिए फॉर्म 200 रुपये महंगा हो गया है।
2014-15 के एडमिशन के लिए जेईई एडवांस 25 मई को होनी है। परीक्षा इस बार से एक सप्ताह पहले आयोजित की जाएंगी।
दरअसल, सीबीएसई की ओर से होने वाली जेईई मेन की परीक्षा के टॉप 1.5 लाख छात्र जेईई एडवांस में शामिल होंगे। जेईई मेन का परीक्षा कार्यक्रम अभी जारी नहीं किया गया है।
जेईई एडवांस के आवेदन फॉर्म इस बार महंगे हो गए हैं। जनरल व ओबीसी कैटेगरी का फॉर्म 200 रुपये महंगा होकर 2000 रुपये का हो गया है।
जबकि एससी, एसटी और विकलांग छात्रों के लिए फॉर्म की कीमत 100 रुपये बढ़ाकर 1000 रुपये कर दी गई है। परीक्षा के लिए फिजिक्स, केमिस्ट्री, मैथ और आर्किटेक्चर का सिलेबस जारी कर दिया गया है।
परीक्षा नोएडा समेत 99 शहरों में आयोजित की जाएगी। पहला पेपर 9 से 12 बजे और दूसरा 2 से 5 बजे की शिफ्ट में होगा।
छात्रों की तैयारी के लिए जेईई एडवांस-2013 के पेपर और एग्रीगेट कटऑफ मार्क्स भी जारी कर दिए गए हैं। कटऑफ का प्रतिशत निर्धारित था लेकिन अंक अब जारी कर दिए गए हैं।
360 में से जनरल में 126, ओबीसी में 113, एससी-एसटी-पीडी में 63 अंक कटऑफ रहे। टॉपर के अंक कम्बाइंड मेरिट लिस्ट (सीएमएल) में 332, ओबीसी में 314, एससी में 279, एसटी में 257 और पीडी में 281 थे।