नोएडा के गवर्नमेंट पीजी कॉलेज के छात्र संघ चुनाव अब दिवाली के बाद होंगे। चुनाव की अधिसूचना के लिए कॉलेज में सोमवार को चुनाव समिति की बैठक होगी।
दरअसल, छात्र संघ चुनाव के लिए पिछले तीन हफ्तों से उठापटक चल रही है। डिग्री कॉलेज प्रिंसिपल छात्र कल्याण परिषद बनाकर छात्र संगठनों को किनारे करना चाहते हैं जबकि छात्र नेता अपना दमखम परखने को तैयार हैं।
सपा छात्र सभा के कार्यकर्ता जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंप चुके हैं और एनएसयूआई आंदोलन करने की तैयारी में हैं। सभी छात्र संगठन अपने पैनल तैयार किए बैठे हैं लेकिन कॉलेज प्रशासन चुनाव कराने से बच रहा है।
कॉलेज की ओर से छात्र संगठनों को सोमवार तक का समय दिया गया है। अब देखना है कि चुनाव समिति की बैठक में अधिसूचना का कार्यक्रम किस तरह तय होगा।
बैक पेपर 19 नवंबर से
चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी (सीसीएसयू) की 2012-13 की मुख्य परीक्षाओं के बैक पेपर 19 नवंबर से शुरू होंगे। इसका कार्यक्रम विवि ने जारी कर दिया है।
इसमें यूजी-पीजी के रेगुलर और प्राइवेट छात्र शामिल होंगे। पेपर दो शिफ्ट में 9 से 12 बजे और 2 से 5 बजे की शिफ्ट में होंगे। परीक्षाएं 10 दिसंबर तक चलेंगी। ऑब्जेक्टिव पेपर के एग्जाम सिर्फ दो घंटे की होंगी।