राजस्थान से नई फसल की आवक बढ़ने पर रविवार को प्याज के दामों में हल्की गिरावट दर्ज हुई। इस दौरान थोक मंडियों में 35 से लेकर 50 रुपये प्रति किलो की दर से प्याज के दाम रहे।
वहीं, फुटकर मंडी में प्याज 60 से लेकर 80 रुपये प्रति किलो की दर से बिका। साहिबाबाद थोक मंडी में प्याज के आढ़ती शहाबुद्दीन ने बताया कि राजस्थान की मंडियों से प्याज की नई फसल की खेप आनी शुरू हो गई है।
इस दौरान मंडी में करीब 15 से 20 फीसदी तक प्याज की आवक में बढ़ोतरी हुई है। जिसके कारण थोक दामों में करीब पांच सौ रुपये प्रति क्विंटल (100 किलो) की कमी आई है।
पहले यह चार हजार रुपये से लेकर साढ़े पांच हजार रुपये प्रति क्विंटल था। अब प्याज के दाम करीब 3500 रुपये से पांच हजार रुपये प्रति क्विंटल हो गए हैं।
दूसरी तरफ, नासिक की ओर से भी प्याज की जल्द आवक बढ़ने का अनुमान है। जिससे एक सप्ताह में दामों में और कमी आने की संभावना है।
दूसरी तरफ, सेक्टर-12 की फुटकर मंडी में सब्जी विक्रेता राकेश ने बताया कि आम क्वालिटी वाला प्याज करीब पचास रुपये से 60 रुपये प्रति किलो बिक रहा है।
वहीं, अच्छी क्वालिटी वाला प्याज 70 से 80 रुपये प्रति किलो के दाम से बिक्री हो रही है।