नोएडा के सेक्टर-63 और 69 के बीच अंडरपास बनाने के प्रस्ताव पर प्राधिकरण ने मुहर लगा दी है।
अब इसका कंसलटेंट नियुक्त कर विवरण तैयार करवाया जाएगा। वहीं, छिजारसी कट पर भी अंडरपास के लिए कंसलटेंट नियुक्त कर दिया गया है।
बहलोलपुर के पास सेक्टर-63 व 69 के बीच से एफएनजी रोड गुजरेगी, जिस पर काम चल रहा है। इसके बन जाने से इन दोनों सेक्टरों को जोड़ने के लिए अंडरपास की जरूरत होगी।
औद्योगिक सेक्टर-63 पहले ही बस चुका है, जबकि ट्रांसपोर्ट नगर बसने जा रहा है। प्राधिकरण के सीईओ ने इस प्रस्ताव पर सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है।
करीब 40 करोड़ के इस अनुमानित प्रोजेक्ट का विवरण तैयार करवाने के लिए जल्द ही कंसलटेंट नियुक्त किया जाएगा।
वहीं, एनएच-24 पर छिजारसी कट के पास अंडरपास का विवरण तैयार करने के लिए भी कंसलटेंट नियुक्त किया गया है, जिसके आधार पर ही आगे का काम होगा।
एफएनजी से जोड़ते हुए यह अंडरपास एनएच-24 के नीचे से गाजियाबाद की ओर जाने के लिए बनाया जाएगा। प्राधिकरण के सीपीई एके गोयल ने इन दोनों परियोजनाओं का विवरण शीघ्र तैयार कराने का आश्वासन दिया है।