ग्रेटर नोएडा में स्कॉर्पियो सवार चार बदमाशों ने शुक्रवार सुबह गाजियाबाद से दादरी लाकर कैटरिंग ठेकेदार और उसके बेटे की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी। बदमाशों ने नौकर को भी गंभीर रूप से घायल कर दिया।
उसे दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पुलिस के मुताबिक लालकुआं (गाजियाबाद) स्थित पंचशील कॉलोनी निवासी रमेश कैटरिंग का काम करता था। कुछ लोगों ने बादलपुर क्षेत्र के छपरौला में एक शादी समारोह में कैटरिंग कराने के लिए बुकिंग कराई थी।
उन्होंने रमेश को कुछ रुपये एडवांस भी दिए थे। शुक्रवार सुबह स्कॉर्पियो सवार चार लोग समारोह स्थल दिखाने के बहाने रमेश, उसके बेटे राजकुमार और नौकर तरुण को अपने साथ ले गए।
बताया गया है कि चारों बदमाशों ने चलती गाड़ी में ही बाप-बेटे को चाकुओं से गोद दिया। बदमाशों ने तरुण पर भी चाकू से हमला किया।
इसके बाद दादरी कोतवाली क्षेत्र के तहत कोट की नहर के पुल के पास तीनों को छोड़कर फरार हो गए। एक राहगीर की सूचना पर दादरी पुलिस मौके पर पहुंची।
रमेश और उसके पुत्र की मौत हो चुकी थी, जबकि तरुण की सांसें चल रही थीं। पुलिस ने उसे दादरी के निजी अस्पताल भिजवाया।
हालत गंभीर होने पर पहले उसे नोएडा भेज गया और उसके बाद दिल्ली रेफर कर दिया गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।