नोएडा में घरों में गिफ्ट पहुंचाने की परंपरा की आड़ में बदमाश आप के फ्लैट या मकान में घुस सकते हैं। गिफ्ट लेकर आने वालों की जांच के बाद ही उन्हें घर में आने दें।
पुलिस भी फ्लैट के सुरक्षा गार्डों से लेकर मालिकों से सावधान रहने की अपील कर रही है। दीपावली में शहर से बाहर जाने वाले बंद मकानों व फ्लैटों को चोरों से बचाने के लिए एसएसपी ने भी बीट के दारोगाओं व सिपाहियों को सक्रिय कर दिया है।
एसपी सिटी योगेश सिंह के मुताबिक बदमाश किसी भी रूप में वारदात को अंजाम दे सकते हैं। ऐसे में पुलिस लोगों से अपील कर रही है कि वह सावधान रहें।
गिफ्ट लेकर आने वाले लोगों से आश्वस्त होने के बाद ही घर में घुसने दें। त्योहार पर अधिकांश लोग अपने परिवार के साथ दूसरे शहर में गए हैं।
ऐसे में पुलिस के लिए बंद मकानों व फ्लैटों की सुरक्षा करने की जिम्मेदारी है। वहीं, सुनसान सड़कों पर गुजरने वाले लोगों से लूटपाट करने वाले झपटमारों से निपटने की चुनौती है। एसएसपी ने सभी थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं।
ऐसे रहें सतर्क
-मिठाई का डिब्बा या अन्य कोई चीज लेकर पहुंचे अजनबी की पड़ताल जरूर करें
-किसी अजनबी द्वारा दिए मिठाई या अन्य चीज न खाएं
-थानों व पुलिस अधिकारियों के अलावा कंट्रोल रूम का नंबर जरूर रखें
-अगर मित्रों के यहां जा रहे हैं तो फ्लैट को किसी की निगरानी पर छोड़ें
-सूनसान रास्तों पर अकेले जाने से बचें
पुलिस कंट्रोल रूम------100
फायर कंट्रोल रूम-------101,2521111
एसएसपी आवास-------2549330
एसपी सिटी----------2422271