नोएडा। आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिद्दीन के नार्थ कश्मीर के पूर्व एरिया कमांडर मोहम्मद शफी शाह को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) कश्मीर से पूछताछ के लिए रिमांड पर लेकर आई है। बुधवार को नोएडा के जिला अस्पताल में शाह की मेडिकल जांच करवाई गई। कश्मीर की जेल में 11 वर्ष से बंद शाह पर पड़ोसी देश से आर्थिक मदद लेकर आतंकी संगठन की गतिविधियों पर खर्च करने का आरोप है।
बुधवार दोपहर एक बजे के आसपास एनआईए की टीम जम्मू-कश्मीर पुलिस के साथ शाह को लेकर जिला अस्पताल पहुंची। लगभग आधे घंटे तक उसकी मेडिकल जांच की गई। इसके बाद टीम उसे एनआईए के दफ्तर पूछताछ के लिए ले गई। टीम के अधिकारियों के मुताबिक, वर्ष 2006 से वर्ष 2009 तक शाह हिजबुल मुजाहिद्दीन का नार्थ कश्मीर का एरिया कमांडर था। उसका कोड वर्ड दाबुद था। इसके अलावा उसे डॉक्टर और निसार के नाम से भी जाना जाता था। इसे हिजबुल के संस्थापक सदस्य के रूप में भी जाना जाता है। एनआईए को शाह के कुछ बैंक अकाउंट के बारे में जानकारी मिली थी जिसमें पाकिस्तान से आर्थिक मदद भेजी गई थी। एरिया कमांडर रहने के दौरान वह अवैध रूप से संगठन के लिए फंडिंग का इंतजाम करता था। इसी सिलसिले में पूछताछ के लिए शाह को पंद्रह दिन के रिमांड पर कश्मीर से लाया गया है।
उधर, मोहम्मद शफी के नोएडा आने और जिला अस्पताल में उसका मेडिकल चेकअप होने की जानकारी से नोएडा पुलिस अनभिज्ञ रही। मेडिकल जांच के बाद के लौटने पर नोएडा पुलिस को मीडिया से इसकी जानकारी मिली।