ग्रेटर नोएडा। हाईटेक सिटी की साचिका इंग्ले का चयन स्क्वैश की विश्व चैंपियनशिप के लिए किया गया है। साचिका को अब वैश्विक प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने के लिए स्पॉन्सर्स की तलाश है।
डीयू के श्री वेंकटेश्वर कॉलेज से स्नातक प्रथम वर्ष की छात्रा साचिका ने बताया कि बीते दिनों चेन्नई में स्क्वैश रैकेट फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा चयन शिविर का आयोजन किया गया था। इसमें देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे विभिन्न वर्गों के आठ श्रेष्ठ खिलाड़ियों को आमंत्रित किया गया था। अंडर 19 आयुवर्ग में भारत की दूसरे नंबर की खिलाड़ी साचिका का एशियाई और विश्व प्रतियोगिता के लिए चयन किया गया। वह सबसे पहले तीन जून से मलेशिया में होने वाली प्रतियोगिता में भाग लेंगी। इसके बाद साचिका 25 से 29 जून तक जॉर्डन में होने वाली एशियन स्क्वैश जूनियर चैंपियशिप में भाग लेंगी। वहीं पोलैंड के रोक्लॉ में 16 से 27 जुलाई तक आयोजित होने वाली विश्व स्क्वैश चैंपियनशिप में वह देश को पदक दिलाने के लिए उतरेंगी।
साचिका के पिता सेवानिवृत्त ग्रुप कैप्टन विजय इंग्ले ने बताया कि देश का दुर्भाग्य है कि यहां हर खेल को उतनी तवज्जो नहीं मिलती। कुछ खेलों के अलावा अन्य खेलों का कम प्रचार होने के चलते खिलाड़ियों को काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। प्रदेश या केंद्र सरकार को एशियाई प्रतियोगिता में हिस्सा लेने जा रही साचिका की सहायता करनी चाहिए। निजी कंपनियों द्वारा भी स्पॉन्सरशिप दिए जाने पर काफी सहायता मिलेगी।