नोएडा। यातायात नियमों की परवाह न करने वालों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस का चालान काटो अभियान अब पूरे महीने जारी रहेगा। प्रदेश के पुलिस महानिदेशक आरसी शर्मा ने दो सप्ताह के अभियान को अब पूरे महीने चलाने के आदेश जारी किए हैं। आदेश जारी होने के बाद अभियान के 16वें दिन भी शहर में जगह-जगह ट्रैफिक पुलिस मुस्तैद दिखाई दी।
यातायात माह नवंबर को जागरूकता माह के रूप में मनाया जाता है, लेकिन जागरूकता के साथ-साथ नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों पर शिकंजा कसने के आदेश इस बार प्रदेश के पुलिस महानिदेशक की ओर से जारी किए गए हैं। एक नवंबर से 15 नवंबर तक यह अभियान चलाया जाना था, लेकिन 15 दिन के इस अभियान के दौरान ट्रैफिक पुलिस ने करीब चार हजार वाहनों के चालान काटकर लाखों रुपये जुर्माना राशि के तौर पर वसूल किए हैं। बृहस्पतिवार को अभियान का अंतिम दिन समझकर राहत की सांस लेने वाले ट्रैफिक पुलिसकर्मी शुक्रवार सुबह जब कंट्रोल रूम पहुंचे तो फिर से चालान काटने का आदेश उनके हाथ में थमा दिया गया। डीजीपी की तरफ से जारी किए गए आदेश के मुताबिक अगले दो सप्ताह तक फिर से ट्रैफिक पुलिस को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कार्रवाई करनी होगी।
अभियान के तीसरे सप्ताह में इस बार शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई के सख्त आदेश हैं। इसके अलावा तेज गति से वाहन चलाने वाले, वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात करने वाले, सड़कों पर अवैध तरीके से वाहन खड़ा करने वालों के खिलाफ भी शिकंजा कसने के आदेश हैं। वहीं अभियान के अंतिम एवं चौथे सप्ताह कॉमर्शियल एवं भारी वाहनों के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा। एसपी ट्रैफिक एमपी सिंह ने बताया कि सभी ट्रैफिक कर्मियों को विशेष अभियान के प्रति अवगत करा दिया गया है।
-----
पुलिस कर्मियों पर भी शिकंजा
डीजीपी की तरफ से स्पष्ट आदेश हैं कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले पुलिस कर्मियों पर भी शिकंजा कसा जाए। नियमों को तोड़कर पुलिस का रौब दिखाने वालों की सीधी शिकायत अधिकारियों से की जाए।