लखनऊ। यूपी में निजी इंजीनियरिंग कॉलेजों में दाखिले का बुरा हाल है। टॉप कॉलेजों को छोड़ दें तो अन्य कॉलेजों को एडमिशन के लिए छात्र खोजे नहीं मिल रहे हैं। बीटेक की 1.40 लाख सीटों में काफी मशक्कत के बाद 91 हजार के आसपास सीटें ही भरी जा सकी हैं। 49 हजार के आसपास सीटें अभी भी खाली हैं। यह स्थिति तब है जब शासन ने कॉलेज प्रबंधन को काउंसिलिंग से खाली बचने वाली सीटों को सीधे भरने की अनुमति दे रखी है। एमबीए और फार्मेसी का तो और भी बुरा हाल है।
प्रदेश में गौतमबुद्ध और महामाया प्राविधिक विश्वविद्यालय है। इनसे करीब 712 इंजीनियरिंग कॉलेज संबद्ध है। इन कॉलेजों में सर्वाधिक बीटेक की 1.40 लाख सीटें हैं। इसके अलावा एमबीए की 36 हजार, एमसीए की नौ हजार, फार्मेसी की 10 हजार, होटल मैनेजमेंट की 1100 और आर्किटेक्ट की करीब एक हजार सीटें हैं। इन सीटों पर एडमिशन के लिए प्रत्येक वर्ष राज्य प्रवेश परीक्षा (एसईई) आयोजित कराई जाती है। एसईई में उत्तीर्ण होने वालों को काउंसिलिंग के लिए बुलाया जाता है। राज्य सरकार ने निजी कॉलेज प्रबंधन को 15 प्रतिशत मैनेजमेंट कोटा दे रखा है और काउंसिलिंग के बाद बचने वाली खाली सीटों को भरने की सीधी अनुमति दी जाती है। प्राविधिक विश्वविद्यालय ने इस बार काउंसिलिंग से बीटेक की करीब 31 हजार सीटें ही भर पाई। काउंसिलिंग के बाद रिक्त सीटों को भरने के लिए कॉलेज प्रबंधकों को छूट तो दी गई लेकिन वे भी बड़ी मुश्किल से 60 हजार के आसपास सीटें भर सके। बीटेक की मौजूदा समय करीब 49 हजार सीटें अभी भी खाली हैं। यही हाल एमबीए और फार्मेसी कोर्सों का भी है।
---
यूपी टेक्निकल इंस्टीट्यूशन फाउंडेशन ने तय किया है कि अब वे एसईई में शामिल नहीं होंगे। निजी कॉलेजों की सीटों पर एडमिशन के लिए कॉलेज या तो अलग से परीक्षा कराएगा या फिर एआईईईई में शामिल होगा। इस संबंध में जल्द बैठक करके निर्णय किया जाएगा।
---- अतुल कुमार जैन महामंत्री, यूपी टेक्निकल इंस्टीट्यूशन फाउंडेशन
-----------------
सुप्रीमकोर्ट का स्पष्ट आदेश है कि सरकारी और प्राइवेट इंजीनियरिंग कॉलेजों में दाखिले के लिए एकल एंट्रेंस कराया जाए। राज्य प्रवेश परीक्षा का आयोजन भी इसी मकसद से ही कराया जाता है। इससे सरकारी और प्रथम श्रेणी के कॉलेजों में छात्रों को पारदर्शिता के साथ एडमिशन मिल जाता है। कुछ प्राइवेट कॉलेजों की सीटें जरूर खाली रह जाती हैं। प्राइवेट कॉलेजों द्वारा अलग से एंट्रेंस कराने पर कितने छात्र आते हैं यह एक विचारणीय बिंदु है। -------- यूएस तोमर, कुलसचिव, गौमतबुद्ध प्राविवि