वृंदावन में आयोजित भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अधिवेशन में भाजपा के शीर्ष नेता अटल बिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी को मुख्य मंच के प्रमुख बैनर में स्थान नहीं मिला है। देश भर से जुटने वाले युवाओं को इस मंच पर सिर्फ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की छवि ही दिखाई देगी।
भारतीय जनता युवा मोर्चा का राष्ट्रीय अधिवेशन आज शुक्रवार से वृंदावन-छटीकरा मार्ग स्थित विश्वशांति सेवाधाम परिसर में आयोजित होने जा रहा है। इसकी सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। करीब 12000 युवाओं के लिए यहां बनाए गए पंडाल में विशाल मंच भी बनाया गया है। मंच पर लगे एक मात्र बैनर (फ्लैक्स) में एक तरफ युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुराग ठाकुर हैं, तो दूसरी ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की जोड़ी है।
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और पूर्व गृहमंत्री लालकृष्ण आडवाणी को कहीं स्थान नहीं मिल सका है। पार्टी के दोनों ही शीर्ष नेता इस मंच से पूरी तरह से गायब हैं। इतना ही नहीं, भगवान श्रीकृष्ण के साथ पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जन्मस्थली होने के बावजूद यहां इस मंच पर न तो श्रीकृष्ण और न ही पंडित दीनदयाल उपाध्याय को ही स्थान मिला है।
‘वसुधैव कुटुंबकम’ का संदेश देंगे
ANURAG THAKUR
- फोटो : ANURAG THAKUR
भाजयुमो के राष्ट्रीय अधिवेशन में देशभर के युवा ‘अनेकता में एकता’ और ‘वसुधैव कुटुंबकम’ का संदेश देंगे। गुरुवार को प्रदेश महामंत्री सुनील बंसल ने बताया कि यह अधिवेशन भविष्य का भाजपा नेतृत्व और कार्यकर्ता तैयार करेगा।
सुनील ने अधिवेशन को नेता तैयार करने की कार्यशाला बताते हुए कहा कि इसमें भाग लेने वाले युवाओं में सक्षम कार्यकर्ता के लिए आवश्यक गुणों का विकास तैयार किया जाएगा। युवा मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री राहुल कोठारी ने बताया कि शुक्रवार शाम को चार बजे भाजयुमो की राष्ट्रीय कार्यकारणी की बैठक राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुराग ठाकुर की अध्यक्षता में होगी।
इस दौरान भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष राय, विधायक गोपाल टंडन, अधिवेशन प्रभारी दयाशंकर सिंह, पुरुषोत्तम खंडेलवाल, पूर्व सांसद तेजवीर सिंह, अजय पोइया, प्रणतपाल सिंह, श्याम अहेरिया, मीडिया प्रभारी रामकिशन पाठक, विजय शर्मा आदि उपस्थित थे।