मुजफ्फरनगर। केंद्रीय जल संसाधन, नदी विकास एवं गंगा संरक्षण राज्यमंत्री डॉ संजीव बलियान ने कहा कि जिला स्तर पर डार्क जोन के लिए विशेष प्लान तैयार होना चाहिए। विकास भवन में जिला विकास समन्वय तथा निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में बालियान ने दीनदयाल उपाध्याय विद्युतीकरण योजना की समीक्षा की।
डॉ संजीव बालियान ने कहा कि गरीबों के लिए आने वाला पैसा उन तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि दीन दयाल उपाध्याय विद्युतीकरण योजना में जिले का कोई भी ग्राम और मजरा विद्युत से वंचित न रहे। ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि और जर्जर तारों को बदलने के लिए भारत सरकार की ओर से धनराशि स्वीकृत की जा चुकी है।
विद्युत चोरी रोकने के लिए अभियान में तेजी लाएं। उन्होंने कहा कि ऐसी शिकायतें प्राप्त हो रही हैं कि विद्युत के बिल चार-चार महीने के बाद प्राप्त होते हैं। विद्युत बिलों पर सरचार्ज भी लिया जाता है, इस पद्धति को ठीक कराएं। बालियान ने समीक्षा करते हुए कहा कि जिले के कई ब्लाक डार्क जोन में पहुंच चुके हैं। निरन्तर गिरते पानी के जल स्तर को रोकने के लिए संयुक्त रूप से संबंधित विभाग कार्य योजना तैयार करें। हिंडन नदी के निकट ग्रामों के प्रदूषित पानी को पीने योग्य बनाने के लिए भी योजना तैयार हो।
उन्होंने भूमि संरक्षण एवं सिंचाई विभाग के अधिकारियों से कहा कि संयुक्त रूप से डार्क जोन समाप्त करने के लिए प्रोजेक्ट तैयार करें। केन्द्रीय राज्यमंत्री ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों से कहा कि गांव निरमाना में रवजाहा पुल का निर्माण कराने के लिए कार्य योजना तैयार बनाएं। डीएम डीके सिंह ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को निर्देश दिये कि वृद्धावस्था, दिव्यांग तथा विधवा पेंशनधारियों की सूची और शासनादेश मंत्रीजी को उपलब्ध कराएं। जिला पंचायत अध्यक्ष आंचल तोमर, विधायक कपिलदेव अग्रवाल, समिति के सदस्य डॉ राजीव कुमार आदि रहे।