लखनऊ जाते समय ट्रेन में सीट नहीं मिलने पर हंगामा करते अभ्यर्थी।
- फोटो : अमर उजाला
मुजफ्फरनगर। लखनऊ भर्ती के लिए जा रहे युवकों ने ट्रेन में जगह नहीं मिलने पर स्टेशन पर हंगामा काटा। जीआरपी और आरपीएफ ने युवकों को समझाया और नौचंदी व दूसरी ट्रेन में जाने की व्यवस्था कराई।
लखनऊ में आबकारी विभाग की भर्ती चल रही है। इसके लिए प्रदेश भर से युवक लखनऊ जा रहे है। शनिवार शाम नौचंदी के आने के समय पर भर्ती के लिए जा रहे युवकों की काफी भीड़ स्टेशन पर इकट्ठा हो गई। ट्रेन में पहले से ही सहारनपुर से काफी भीड़ आई थी।
जगह न मिलने पर स्टेशन पर खड़े युवकों ने हल्ला मचाना और हंगामा करना शुरू कर दिया। जीआरपी और आरपीएफ के अधिकारी ओर सिपाही मौके पर पहुंचे और गुस्साए युवकों को समझा-बुझाकर शांत किया। अधिकारियों ने नौचंदी और अहमदाबाद से युवकों को लखनऊ के लिए रवाना किया, उसके बाद भी अन्य कई ट्रेनों से वाया दिल्ली भी रवाना किया गया।