अमीर नगर में मृतक नितिन मालिक का फाइल फोटो।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
संघर्ष में घायल युवक की उपचार के दौरान मौत
तितावी (मुजफ्फरनगर)। गांव अमीरनगर में बृहस्पतिवार रात कुत्ता घुमाने को लेकर दो पक्षों के बीच हुए खूनी संघर्ष में घायल एक युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। जबकि दो घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। एक पक्ष की ओर से पूर्व प्रधान समेत सात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
तितावी थाना क्षेत्र के गांव अमीरनगर में बृहस्पतिवार रात कुत्ता घुमाने को लेकर पूर्व प्रधान अशोक कुमार और पड़ोसी मनोज पक्ष के बीच कहासुनी हो गई थी। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए थे, जिनमें जमकर मारपीट के साथ ही ताबड़तोड़ फायरिंग भी की गई थी। फायरिंग में मनोज, उसका भाई नितिन और पूर्व प्रधान पक्ष से आशु व मयंक गोली लगने से घायल हो गए थे। चारों घायलों को गंभीर हालत में मेरठ रेफर किया गया था, जहां नितिन की रात में उपचार के दौरान मौत हो गई। जबकि मनोज के साथ ही आशु की भी हालत गंभीर बनी हुई है।
एसओ राजेंद्र गिरी ने बताया कि मनोज की पत्नी कुसुम ने पूर्व प्रधान अशोक कुमार, आशु, विवेक उर्फ विक्की, प्रदीप, मयंक, पीयूष व कौशल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। दूसरे पक्ष की ओर से ओर संजू पत्नी प्रदीप ने चार लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। मेरठ में पोस्टमार्टम के बाद नितिन का शव शुक्रवार दोपहर गांव में पहुंचा, जिसका कड़ी सुरक्षा के बीच अंतिम संस्कार कर दिया गया। गांव में व्याप्त तनाव के मद्देनजर पुलिस बल तैनात किया गया है।