खतौली (मुजफ्फरनगर)। मेरठ के मवाना में निकाह समारोह में दुल्हन की विदाई होने के दौरान हर्ष फायरिंग करने पर गोली लगने से बारात में गए युवक की मौत हो गई। उसकी मौत से निकाह समारोह की खुशियां मातम में बदल गईं। परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने हादसे के बारे मेें पुलिस को भी सूचना नहीं दी और शव का पोस्टमार्टम भी नहीं कराया। शव को सुपुर्द ए खाक कर दिया है।
खतौली कस्बा के मोहल्ला नई आबादी निवासी 24 वर्षीय शादाब पुत्र शमशाद कपड़ा बेचने का काम करता था। बृहस्पतिवार को परिवार के एक युवक की बारात मेरठ के मवाना में गई थी। लड़की पक्ष के लोगों ने बारात का स्वागत किया और खाने का अच्छा कार्यक्रम किया। शाम के समय निकाह के बाद दुल्हन विदा होने लगी, तो हर्ष फायरिंग करनी शुरू कर दी। हर्ष फायरिंग में शादाब के आंख पर गोली लग गई, जिससे शादाब गंभीर रुप से घायल हो गया। बारात में गए परिजन व दुल्हन के परिवार वाले घायल शादाब को आनन फानन में कार से मेरठ अस्पताल ले जाने लगे। रास्ते में शादाब ने दम तोड़ दिया। शादाब की मौत की खबर सुनकर दुल्हन की विदाई की खुशियां मातम में बदल गई। उधर, परिजनों में कोहराम मच गया। बारात विदा होने के बाद दुल्हन को लेकर खतौली आ गई। परिजनों ने इस हादसे की सूचना पुलिस को भी नहीं दी और न ही पोस्टमार्टम कराया। परिजनों ने शाम के समय शव को सुपुर्द ए खाक कर दिया। मृतक के परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।