हादसे में युवक की मौत, लगाया जाम
मुजफ्फरनगर/भोपा। भोपा में बृहस्पतिवार शाम हुए हादसे में मारे गए मखियाली निवासी युवक व उसके रिश्तेदार के परिजनों को आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने भोपा रोड स्थित मोर्चरी पर जाम लगा दिया। अफसरों ने आश्वासन देते हुए जाम खुलवाया। उधर, भोपा में अज्ञात रोडवेज चालक के खिलाफ हादसे की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के गांव मखियाली निवासी प्रदीप बृहस्पतिवार को रसूलपुर निवासी बहनोई दीपक के साथ गांव ककराला में शादी-समारोह में गया था। देर शाम वहां से लौटते समय अज्ञात वाहन ने भोपा कस्बे के निकट उनकी बाइक में टक्कर मार दी थी, जिससे दोनों युवकों की मौत हो गई थी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिए थे। शुक्रवार सुबह दोनों रिश्तेदार युवकों के परिजन ग्रामीणों के साथ शव लेने मोर्चरी पहुंचे थे, जहां हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने दोनों युवकों के परिजनों को आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग को लेकर भोपा रोड पर जाम लगा दिया। जाम की सूचना पर नई मंडी इंस्पेक्टर योगेश शर्मा टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जाम लगा रहे ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत करते हुए जाम खुलवाया। इसके बाद ग्रामीण दोनों रिश्तेदारों के शव लेकर लौट गए, जिनका गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया। उधर, प्रदीप के पिता मखियाली निवासी महिपाल ने भोपा थाने में अज्ञात में रोडवेज बस चालक के खिलाफ हादसे की तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने हादसे की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी बस चालक की तलाश के प्रयास शुरू कर दिए हैं।