सड़क हादसे में युवक की मौत, पिता घायल
मुजफ्फरनगर। हाईवे के पचेंडा कट पर तेज रफ्तार से किसी वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौत हो गई, जबकि उसके पिता गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के गांव मुस्तफाबाद निवासी रोहताश की नई मंडी क्षेत्र में दुकान है। शनिवार रात वे अपने बेटे मिंटू (21) के साथ दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। हाईवे पर जब वे पचैंडा कट से सड़क पार करने लगे, किसी वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही पिता-पुत्र दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। उधर, हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन लेकर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भेजा, जहां मिंटू को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि रोहताश की हालत गंभीर बताई जा रही है। मामले में पीड़ित परिजनों द्वारा अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ हादसे की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। वहीं, शहर के सरकुलर रोड स्थित केंद्रीय विद्यालय के सामने रविवार रात छाए कोहरे के चलते दो बाइकें आपस में टकरा गईं। हादसे में दोनों बाइक सवार अमित, निवासी साउथ सिविल लाइन व दिलशाद निवासी रहमतनगर घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया।