घरेलू कलह में युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
मुजफ्फरनगर। गांव अलमासपुर के मोहल्ला विकासनगर में किराए के मकान में रह रहे युवक पुष्पेंद्र उर्फ शेखर ने घरेलू कलह के चलते मंगलवार देर रात पंखे पर लटक कर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया है।
मूल रूप से मंसूरपुर थाना क्षेत्र के गांव दूधाहेड़ी निवासी पुष्पेंद्र उर्फ शेखर (40) की शादी करीब 14 साल पूर्व रीना से हुई थी। दंपती के दो बच्चे भी हैं। शादी के बाद से ही दोनों के बीच आए दिन विवाद रहता था, जिसके चलते करीब तीन साल से उनके बीच कोर्ट में भी केस चल रहा है। करीब एक पखवाड़े पूर्व दंपती गांव अलमासपुर के मोहल्ला विकासनगर निवासी सुभाष के मकान में किराए पर रहने आया था। मंगलवार रात दोनों ने एक साथ खाना खाया, लेकिन इसके बाद फिर से उनके बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इस पर रीना पति को वहीं छोड़ अपने एक रिश्तेदार के यहां सोने चली गई। पत्नी के जाने पर पुष्पेंद्र ने कमरा बंद कर छत में लगे पंखे से फंदा बनाकर फांसी लगा ली। बुधवार सुबह उसकी पत्नी कमरे पर लौटी तो दरवाजा अंदर से बंद था। इस पर उसने खिड़की से कमरे में झांका तो अंदर पुष्पेंद्र का शव फांसी के फंदे पर झूल रहा था। इस पर उसने पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर क्राइम टीम के साथ मौके पर पहुंचे और कमरे का दरवाजा तुड़वाकर शव को पंखे से नीचे उतारा। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया गया। कमरे से किसी तरह का सुसाइड नोट नहीं मिला है, लेकिन प्रथम दृष्टया जांच में पत्नी से चल रहे विवाद में ही उसके द्वारा आत्महत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।