मुजफ्फरनगर। गांव जट मुझेड़ा में मजदूरी मांगने पर एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर हालत में उसको जिला अस्पताल से मेरठ रेफर कर दिया गया। कार्रवाई की मांग को लेकर परिजनों ने कलक्ट्रेट परिसर में धरना दिया।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के गांव जट मुझेड़ा निवासी मामचंद परिजनों के साथ रविवार को कलक्ट्रेट पर धरने पर बैठ गया। पीड़ित ने शिकायती पत्र देकर बताया कि उसका बेटा अमरपाल शनिवार रात करीब आठ बजे अपने साथी अमित के साथ एक व्यक्ति के यहां मजदूरी के दो हजार रुपये मांगने गया था। आरोप है कि उसने परिजनों के साथ मिलकर अमरपाल पर हमला कर जंजीर गले में डालकर हत्या करने की कोशिश की। पीड़ित को जातिसूचक शब्दों से अपमानित करते हुए धमकी भी दी। शोर मचाने पर पहुंचे ग्रामीणों को देख आरोपियों ने अमरपाल को छोड़ा, जबकि अमित ने किसी तरह भागकर जान बचाई। पीड़ित परिवार ने दबंग व उसके परिजनों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की गुहार लगाई है।