चुनावी रंजिश के चलते युवक पर हमला
मुजफ्फरनगर, भोपा। हाल ही में संपन्न हुए त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की रंजिश में कस्बा निवासी युवक पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घटना से गुस्साए युवक के परिजन व ग्रामीणों ने सीएचसी के साथ ही थाने पर भी कार्रवाई की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया। पुलिस ने हमलावरों की तलाश की, लेकिन कोई हत्थे नहीं चढ़ा। देर रात तक घटना की तहरीर नहीं दी गई थी।
गांव भोपा निवासी शहजाद व इजहार पक्ष ने हाल ही में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में प्रधान पद पर चुनाव लड़ा था, लेकिन दोनों हार गए थे, तभी से दोनों पक्षों के बीच चुनावी रंजिश चली आ रही है। शनिवार देर रात करीब 9.50 बजे शहजाद पक्ष का परवेज नामक युवक गांव में ही एक दुकान पर लॉटरी के रुपये जमा करने गया था। आरोप है कि इजहार पक्ष के कुछ युवकों ने वहां परवेज के साथ अकारण गाली-गलौज की। विरोध करने पर आरोपियों ने परवेज पर हमला कर लाठी-डंडों से पीटकर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद हमलावर धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही युवक के परिजन व शहजाद पक्ष के ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त हो गया। देर रात ग्रामीण घायल युवक को लेकर सीएचसी पहुंचे, जहां सूचना पर पहुंची थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। इसके बाद ग्रामीणों ने पहले सीएचसी और फिर थाने पहुंचकर हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया। सूचना पर सीओ गिरिजाशंकर त्रिपाठी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से वार्ता कर मामले की जानकारी ली। इसके बाद एक पुलिस टीम को हमलावरों की तलाश में भेजा गया, लेकिन आरोपी हत्थे नहीं चढ़े। देर रात तक पीड़ित परिजन घटना की तहरीर देने की तैयारी कर रहा था।