रतनपुरी। डॉजबॉल एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में तीन दिवसीय ड्रीम महिला कबड्डी लीग के फाइनल मैच में युवा फाइटर्स ने दिल्ली टाइटंस की टीम को हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।
बृहस्पतिवार को हुए मुकाबलों से पहले मुख्य अतिथि सुदीप महात्मा, गौरवानंद महात्मा, सांसद हरेंद्र मलिक, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी एवं पूर्व विधायक उमेश मलिक ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया।
ड्रीम महिला कबड्डी लीग में बृहस्पतिवार को हुए पहले सेमीफाइनल मैच में युवा फाइटर्स ने एक तरफा मैच में यूके सोल्जर्स को 21 अंकों से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरे सेमीफाइनल में दिल्ली टाईटंस ने रोमांचक मुकाबले में लखनऊ लायंस को 8 अंकों से हराकर फाइनल में अपनी जगह बनाई।
फाइनल मैच युवा फाइटर्स और दिल्ली टाईटंस के बीच हुआ। जिसमें युवा फाइटर्स की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए दिल्ली टाईटंस को 13 अंकों से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा किया।
फाइनल मैच में टोनी एवं योगेश राणा ने रेफरी की भूमिका निभाई। जबकि स्कोरिंग संयोगिता एवं योगिता ने की। ड्रीम कबड्डी लीग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ जी प्रवीण शेट्टी ने ड्रीम महिला कबड्डी लीग सीजन 2 के समापन की विधिवत घोषणा की।
अतिथियों द्वारा फाइनल मैच में विजयी युवा फाइटर्स की टीम को 31 हजार रुपये की इनामी राशि एवं ट्रॉफी प्रदान की गई। जबकि उपविजेता दिल्ली टाईटंस की टीम को 21 हजार रुपये की इनामी राशि एवं ट्रॉफी प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त दोनों टीमों के सभी खिलाड़ियों को भी मेडल पहनाकर तथा नकद राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कमेंट्री मोहम्मद इदरीश ने की। मुख्य आयोजक मोहित सोम ने बताया कि इस आयोजन में ड्रीम कबड्डी लीग के टेक्निकल चेयरमैन संदीप शेरा, यूथ स्पोर्ट फिजिकल फेडरेशन ऑफ इंडिया के प्रदीप कुमार, ड्रीम कबड्डी लीग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ़ जी प्रवीण शेट्टी, मानव विकास समिति के संस्थापक एसआर जैदी, प्रो कबड्डी इंडियन रेलवे के खिलाड़ी रोहित बालियान, जीएसएम पब्लिक स्कूल के प्रबंधक मास्टर संजय सोम का सहयोग रहा।
ड्रीम महिला कबड्डी लीग में कबड्डी खेलते खिलाडी : संवाद