अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर भाकियू ने मंदसौर कांड को लेकर शोक दिवस मनाया। भाकियू कार्यकर्ताओं ने जनपद के प्रत्येक हाईवे पर कब्जा कर सुबह नौ बजे से ग्यारह बजे तक जाम लगाया। सड़कों पर ही बैठ कर किसानों ने योगाभ्यास किया। दो घंटे तक जिले के तमाम हाईवे बंद रहने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बाद में प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन दिए गए।
भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत के नेतृत्व में रामपुर तिराहे पर हाईवे पर ही जमे किसानों ने योग क्रियाएं करते हुए अलग अंदाज में विरोध प्रदर्शन करने के उपरांत प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। किसानों के द्वारा हाईवे जाम कर दिए जाने से दिल्ली से देहरादून की ओर यात्रा पर निकले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। दोपहर बाद हाईवे पर यातायात सामान्य हो सका।
राकेश टिकैत के नेतृत्व में किसानों ने रामपुर तिराहे से आगे एनएच 58 पर यातायात जाम कर सवेरे नौ बजे से योग करना शुरू कर दिया। इससे हाईवे पर हजारों वाहनों का पहिया रुक गए। बाद में राकेश टिकैत और जिलाध्यक्ष राजू अहलावत ने पीएम मोदी के नाम ज्ञापन एसडीएम सदर शीतल प्रसाद गुप्ता को सौंपा। संजय त्यागी, नवीन राठी, बिट्टू बसेड़ा, अनिल त्यागी, विकास शर्मा मुरसलीन, मंगता, रहतू सिंह, मुसर्रफ त्यागी, शुभम त्यागी आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।
तितावीमें भाकियू कार्यकर्ताओं ने लालूखेड़ी बस स्टैंड पर बुधवार सुबह नौ बजे से लेकर 11 बजे तक पानीपत-खटीमा राजमार्ग जाम किया। मंडल अध्यक्ष धीरज लाठियान, आसिफ कुरैशी और गौरव टिकैत ने ज्ञापन दिया। इस दौरान धरना दिया गया। योग क्रियाएं की गई। अध्यक्षता सुखपाल बरवाला और संचालन जयबीर ने किया। जगबीर कौशिक, यशपाल, विपुल, विकास सैनी, गौरव, वाहिद, बदल, सन्नी, राजेन्द्र सैनी, आसकरण, जितेंद्र, बबलू, संजय बालियान, मोनू, नितिन मालिक आदि मौजूद रहे।
मंसूरपुर में दो घंटे हाईवे जाम किया
मंसूरपुर। भाकियू कार्यकर्ताओं ने बस स्टैंड पर धरना देकर दो घंटे तक नेशनल हाईवे को जाम रखा। बाद में एसडीएम खतौली को ज्ञापन दिया। भाकियू के पश्चिमी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष चंद्रपाल फौजी के नेतृत्व कार्यकर्ताओं ने सुबह नो बजे टेंट लगाकर हाईवे जाम कर दिया और धरना देना शुरू कर दिया। धरने की सूचना मिलने पर एसडीएम कन्हई सिंह और सीओ सूक्ष्म प्रकाश मौके पर पहुंचे।
चंद्रपाल फौजी ने कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन धरने पर पहुंचे एसडीएम को सौंपा। 11 बजे धरना समाप्त हुआ। दो घंटे तक जाम लगाए जाने से यात्री परेशान रहे और वाहनों का दोनों ओर जमावड़ा हो गया। अध्यक्षता राजेश्वर आर्य ने की तथा संचालन अनुज पहलवान ने किया। संजीव राठी, कुलवीर प्रधान, विकास बालियान, अंतरवीर, जगपाल जौहरा, राजीव तोमर, मनोज डायरेक्टर, सोमपाल, कासिम, इमरान प्रधान, अशोक प्रधान आदि शामिल रहे।
हाईवे जाम से रूट डायवर्ट करना पड़ा
मंसूरपुर। प्रशासन ने भाकियू के हाईवे जाम की घोषणा से पूर्व ही रूट डायवर्ट करने की तैयारी कर ली थी। पुलिस ने सुबह सात बजे से ही हाईवे के यातायात को भंगेला कट से नगर के भीतर से सफेदा रोड से होते हुए जानसठ की ओर निकलवाना शुरू कर दिया था। प्रशासन द्वारा रूट डायवर्ट करने से हाइवे पर जाम नहीं लग सका। मंसूरपुर हाईवे पर जाम लगाने के बावजूद दुपहिया वाहनों को भाकियू कार्यकर्ताओं ने आराम के साथ निकलने दिया।