खतौली। कोरोना काल में सरकार द्वारा योग कक्षाओं को शुरू करने के निर्णय का भारतीय योग संस्थान ने स्वागत किया है। भारतीय योग संस्थान पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रांतीय प्रधान निर्मल का मानना है कि कोरोना को योग ही हरा सकता है। नियमित आसन प्राणायाम, ध्यान करने वाले साधक इस संक्रमित बीमारी से बचे रहेंगे। योग कक्षाएं शुरू किया जाना जनहित में है। सामाजिक दूरी का ध्यान रखते हुए योगाभ्यास कराया जाएगा।
योग शिक्षक तजेंद्र का कहना है कि सूक्ष्म व्यायाम, भुजंग आसन, व्रजासन, मंडूक आसन, पवनमुक्त आसन प्रतिदिन करने से मांसपेशियां स्वस्थ एवं सक्षम बनती है। रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है। स्नायु लचकदार बनते हैं। कोरोना काल में सरकार ने योग कक्षाएं चलाने का जो निर्णय लिया है वह जनहित में है। हेल्थ क्लब संचालकों का कहना है कि काफी दिनों से हेल्थ क्लब बंद थे, जिस कारण संचालकों के सामने रोजी रोटी का संकट गहराने लगा था। सरकार ने यह अच्छा फैसला लिया है। हेल्थ क्लब में व्यायाम करके नगरवासी अपनी प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाकर खुद के स्वस्थ्य रख सकेंगें।