सड़क पर हंगामा करते लोगों को समझाते राकेश टिकैत।
- फोटो : अमर उजाला
नेशनल हाईवे पर वाहन से कुचलकर श्रमिक की मौत हो गई। उसकी मौत पर ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा। ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर पुलिस को शव उठाने नहीं दिया। पुलिस की ग्रामीणों और महिलाओं से तीखी नोकझोंक हुई। घटनास्थल पर पहुंचे भाकियू नेता राकेश टिकैत ने एसडीएम से पीड़ित परिजनों को मुआवजा दिलाए जाने की मांग की। एसडीएम के आश्वासन पर आक्रोशित ग्रामीणों ने करीब डेढ़ घंटे बाद पुलिस को शव उठाने दिया। इस दौरान हाईवे पर यातायात बाधित रहा।
रतनपुरी के गांव फुलत निवासी नवाबुद्दीन (38) पुत्र अब्दुल करीम मजदूरी करता था। मंगलवार सुबह नवाबुद्दीन अपने गांव निवासी भांजे शादाब पुत्र अख्तर के साथ साइकिल से खतौली में मजदूरी करने के लिए आया था। काम नहीं मिलने पर करीब नौ बजे मामा-भांजे साइकिल पर बैठकर गांव लौट रहे थे। हाईवे पर सठेड़ी गंगनहर पुल के पास बाईपास पर अज्ञात वाहन ने साइकिल में टक्कर मार दी। टक्कर लगने नवाबुद्दीन को वाहन ने कुचल डाला, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई,
जबकि भांजा बाल-बाल बच गया। हादसे की खबर गांव पहुंची तो ग्रामीण और परिजन एकत्र होकर घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों ने मजदूर की मौत पर हंगामा खड़ा कर दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि हादसे के दौरान पुलिस की 100 डायल की गाड़ी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मजदूर को कुचलने वाले वाहन को छोड़ दिया। ग्रामीणों ने अज्ञात में वाहन चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने और पीड़ित परिजनों को मुआवजा दिलाए जाने की मांग को लेकर पुलिस को शव नहीं उठाने दिया।
श्रमिक के शव उठाने को लेकर ग्रामीणों और महिलाओं की पुलिस से काफी नोकझोंक हुई। हंगामे की सूचना पर एसडीएम शीतल प्रसाद गुप्ता, सीओ सूक्ष्म प्रकाश, बुढ़ाना सीओ अरुण कुमार भी मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों के जानकारी देने पर भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत भी घटनास्थल पर पहुंचे। भाकियू नेता राकेश टिकैत ने एसडीएम से पीड़ित परिजनों को मुआवजा दिलाने और मृतक की पत्नी की विधवा पेंशन बनवाने की मांग की।
इस पर एसडीएम ने ग्रामीणों को कार्रवाई का आश्वासन दिया। एसडीएम के आश्वासन पर ही करीब डेढ़ घंटे बाद ग्रामीणों ने पुलिस को शव उठाने दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के भांजे शादाब ने रतनपुरी थाने में अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है। हादसे के दौरान हाईवे पर जाम लग गया था। यातायात बाधित होने से वाहन सवारों का गरमी की वजह से हाल बेहाल हो गया। करीब एक घंटे बाद यातायात सुचारु हो सका।