तहसीलदार और पुलिस बल की उपस्थिति में कार्य को शुरू कराया गया
फोटो खबर
संवाद न्यूज एजेंसी
भोपा। निरगाजनी गांव में तीन दिन पूर्व शुरू किए गए पानी की टंकी की चार दिवारी का कार्य कुछ लोगों ने विरोध कर रुकवा दिया था। सोमवार को तहसीलदार सहित भारी पुलिस बल की उपस्थिति में कार्य को शुरू कराया गया।
थाना क्षेत्र के गांव निरगाजनी में ग्राम पंचायत की भूमि खसरा नंबर 238 पर लगभग 756 वर्ग मीटर पर जल निगम ने पानी की टंकी का निर्माण कराया है। पानी की टंकी बनकर तैयार हो गई है। तीन दिन पूर्व टंकी की चिह्नित भूमि पर चार दीवारी के लिए नींव खुदाई का कार्य किया जा रहा था।
इसी दौरान पड़ोस के दो-तीन किसानों ने भूमि की पैमाइश कराने, निर्माण किए गए टंकी के जीने को लेकर कार्य बंद करा दिया था। सोमवार को उच्च अधिकारियों के आदेश पर जानसठ तहसीलदार सतीश चंद्र बघेल, नायब तहसीलदार बृजेश कुमार भोपा पुलिस सहित, ककरौली, जानसठ, मीरापुर रामराज आदि थानों की भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
वहां टंकी के आसपास भूमि वाले किसान प्रमोद, विनोद आदि से अधिकारियों ने वार्ता की। उन्होंने पानी की टंकी के आसपास जमीन की पैमाइश करने की मांग करते हुए कहा कि उन्हें आए दिन परेशान न किया जाए। उनकी समस्या को समझ कर उसका निदान किया जाए। उन्होंने टंकी के जीने पर भी एतराज जताया।
अधिकारियों ने किसानों को आश्वासन दिया कि टीम भेजकर जल्द ही समस्या का समाधान किया जाएगा। इसके बाद बिना किसी विरोध के कार्य शुरू किया गया। इस अवसर पर जल निगम के जेई हेमराज सिंह, प्रकाश चंद, रवि कटारिया, कानूनगो ललित मोहन, लेखपाल विकास कुमार आदि मौजूद रहे।