जानसठ के गांव जंधेड़ी में जूडो कराटे प्रतियोगिताओं में गोल्ड मेडल जीतने वाली बेटियों का स्वागत ?
- फोटो : KHATAULI
जानसठ। गांव जंधेड़ी की दो बेटियों ने जूडो कराटे में गोल्ड मेडल जीतकर गांव का नाम रोशन किया। गांव पहुंचने पर बेटियों का ग्रामीणों ने भव्य स्वागत किया। इस दौरान विधायक विक्रम सैनी ने कहा कि बेटियां भी क्षेत्र व गांव का नाम रोशन करने में पीछे नहीं हैं। हमें ऐसी बेटियों पर गर्व है।
गांव जंधेड़ी निवासी अपेक्षा सैनी पुत्री योगेंद्र सैनी मुजफ्फरनगर आईडीएम पब्लिक स्कूल में कक्षा चार की छात्रा है। स्कूल की ओर से गोवा में हुए 2019 इंटरनेशनल स्पोर्ट्स गेम के जूनियर जूडो कराटे में गोल्ड मेडल व सिल्वर मेडल जीतकर अपेक्षा ने गांव का नाम रोशन किया है। वहीं गांव जंधेड़ी की छात्रा आयुषी सैनी पुत्री कमल सैनी खतौली के मेपल्स पब्लिक स्कूल में कक्षा चार की छात्रा है। उसने गाजियाबाद के मोहन नगर स्थित इंद्रप्रस्थ पब्लिक स्कूल में जूनियर वर्ग में जूडो कराटे में गोल्ड मेडल पर कब्जा किया। गांव पहुंचने पर विधायक विक्रम सैनी व नगर पंचायत जानसठ अध्यक्ष प्रवेन्द्र भड़ाना ने दोनों छात्राओं का फूल मालाएं पहनाकर स्वागत किया। ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर दोनों बेटियों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान सैनी महापंचायत के संरक्षक सोनू मूंछ, योगेंद्र चौधरी, मोहनलाल, सुभाष उपाध्याय, उदय सैनी, रवि शंकर, विपिन काटका, नीरज सैनी, रविंद्र सैनी, जगबीर सैनी, राहुल, राजकुमार सैनी आदि मौजूद रहे।