मीरापुर। कसबे की महिलाओं का कहना है कि जलनिकासी की समस्या जस की तस है। चुनाव के समय किए जाने वाले वादे अधूरे हैं। स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल है। चुनाव जीतने वालों ने भी कभी कसबे की समस्याओं की सुध नहीं ली। बच्चों के लिए खेलने का मैदान नहीं और बुजुर्गेां के लिए टहलने तक की कोई व्यवस्था कसबे में नहीं की गई है।
कसबा निवासी सुंदरी बाला का कहना है कि क्षेत्र में जनसुविधा नही है। यहां न तो बच्चों के खेलने के लिए कोई मैदान है और न ही बुजुर्गों के टहलने के लिए कोई पार्क है। जनप्रतिनिधियों को कसबे की समस्याओं का समाधान करना चाहिए। कसबा निवासी बीना जैन का कहना है कि कसबे की सबसे बड़ी समस्या बारिश के दौरान जल भराव की है। जिस पर किसी भी विधायक ने ध्यान नहीं दिया। इस बार जनता ऐसे विधायक को चुने जो जनता के बीच में रहकर जल भराव की इस गंभीर समस्या का जल्द से जल्द समाधान करा सके।
सभासद नाजली खैर का कहना है कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर सुविधाएं नहीं। वह पिछले सात वर्षों से सभी विधायकों व सांसदों से उच्च प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनाए जाने की मांग करती आ रही है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं कराया। कसबा निवासी ऋतु कौशिक का कहना है कि किसी भी पार्टी के विधायक ने मीरापुर क्षेत्र में कोई विकास नहीं कराया है। सिर्फ चुनाव के समय में ही अपने समर्थन में वोट मांगने आते है, फिर क्षेत्र में दिखाई भी नहीं देते है। मीरापुर के साथ दोहरा व्यवहार हो रहा है।