खादरवाला निवासी भाजपा नेत्री साधना सिंघल अपने पति के साथ।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
उत्पीड़न से आहत भाजपा की महिला नेता ने सीएम से लगाई गुहार
मुजफ्फरनगर। भाजपा की जिला मंत्री एवं पूर्व नगर पालिका सदस्य साधना सिंघल से अभद्रता का मामला सामने आया है। डीएम को शिकायती पत्र लिखे जाने के बावजूद कोई कार्रवाई आरोपियों के खिलाफ नहीं होने की शिकायत मुख्यमंत्री से की गई है।
शहर कोतवाली के मोहल्ला खादरवाला निवासी वरिष्ठ भाजपा की महिला नेता साधना सिंघल का आरोप है कि 26 मई की रात्रि 8.30 बजे लॉकडाउन का उल्लंघन कर मोहल्ले का सोनू समर्थकों के साथ उनके घर आया। आरोप है कि उनके और बेटी के साथ अभद्रता की। आरोप है कि आरोपी ने उनकी पार्टी भाजपा को लेकर गलत टिप्पणी भी की। विवाद के पीछे गली में एक कुत्ते द्वारा सोनू को काटने की बात सामने आई है। भाजपा की महिला नेता ने सफाई देते हुए कहा कि वे घर में कोई कुत्ता नहीं पालती हैं। आरोप है कि आरोपी ने अपने एक साथी की मदद से खुद इस प्रकरण की कूटनीतिक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर उनकी प्रतिष्ठा को क्षति पहुंचाई है। आरोप है कि सोनू होमगार्ड है, जो उससे धनराशि की उगाही चाहता है। भाजपा की महिला नेता साधना सिंघल ने डीएम सेल्वा कुमारी जे को लिखित में शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की, लेकिन एक सप्ताह में प्रशासन ने कोई सुध नहीं ली। उनके पति डॉ. योगेश कुमार सिंघल तथा सॉफ्ट इंजीनियर बेटी निष्ठा सिंघल का कहना कि घटना के बाद से उनका परिवार खौफ में जी रहा है। आरोपी रोज गालीगलौज कर मानसिक उत्पीड़न कर रहे हैं। न्याय नहीं मिलने पर उनके परिवार ने सीएम योगी आदित्यनाथ और डीजीपी से गुहार लगाई है। उधर, भाजपा जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला ने कहा कि घटना के बारे में पार्टी की वरिष्ठ पदाधिकारी साधना सिंघल ने उन्हें फोन पर अवगत कराया था। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए डीएम और एसएसपी से बात की जाएगी।