ब्लाक कार्यालय पर नामांकन करते प्रत्याशी
- फोटो : DEVBAND
देवबंद (सहारनपुर)। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन नामांकन पत्र जमा कराने को ब्लॉक कार्यालय पर प्रत्याशियों की भारी भीड़ रही। रविवार की देर शाम तक बीडीसी सदस्य पद के लिए 443 प्रत्याशियों ने नामांकन कराया।
गांव की सरकार बनाने के लिए रविवार को नामांकन पत्र जमा कराने के लिए सवेरे से ही बड़ी संख्या में प्रत्याशी समर्थकों के साथ ब्लॉक कार्यालय पर इकट्ठा होना शुरू हो गए थे। ग्राम प्रधान, बीडीसी और ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए बने काउंटरों पर प्रत्याशियों की खासी भीड़ रही। इतना ही नहीं गांव की सरकार में अपनी हिस्सेदारी को लेकर महिला प्रत्याशी भी नामांकन करने को लेकर खासी उत्साहित दिखाई दीं। सिर पर पल्लू और गोद में बच्चे लेकर पहुंची महिलाओं ने नामांकन दाखिल किया। रविवार देर शाम तक बीडीसी पद के लिए 174 उम्मीदवारों ने नामांकन कराए थे। दो दिनों के नामांकन मिलाकर यह संख्या 443 पहुंच गई। आरओ अरुण कुमार ने बताया कि अंतिम दिन प्रधान पद के 211 और ग्राम पंचायत सदस्य पद के 721 पर्चे दाखिल हुए हैं। इस तरह प्रधान पद के 577 और सदय पद के 871 नामांकन पत्र दाखिल हुए हैं।