संवाद न्यूज एजेंसी
रोहाना कलां। रोहाना-चरथावल मार्ग पर हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल इमराना (45) की सोमवार को ऋषिकेश एम्स में उपचार के दौरान मौत हो गई।
हादसा रोहाना-चरथावल मार्ग पर दो वाहनों की आमने-सामने की टक्कर से हुआ था। इस भिड़ंत में मोटरसाइकिल सवार तीन लोग घायल हुए थे। बहेड़ी निवासी इमराना के सिर में हादसे की वजह से गंभीर चोट आई थी।
हादसे के बाद परिजन उन्हें उपचार के लिए जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, वहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें आनंद हॉस्पिटल ले जाया गया। चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए उन्हें ऋषिकेश एम्स रेफर कर दिया था। मृतका के पुत्र शाहिल ने इस मामले में कार्रवाई के लिए रोहाना चौकी पर तहरीर दी है। परिजनों ने हादसे के जिम्मेदार वाहन चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
सीओ सदर राजू कुमार साव ने बताया कि चौकी पर तहरीर मिली है। जल्द ही प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।