भोपा। गांव बरूकी में महिला की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे मायके पक्ष ने हत्या की आशंका जताते हुए जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया, लेकिन बाद में परिजनों ने शव का बिना किसी कार्रवाई के अंतिम संस्कार कर दिया।
भोपा थाना क्षेत्र के गांव बरूकी निवासी महिला (30) मंगलवार रात दो बच्चों के साथ घर की दूसरी मंजिल पर स्थित कमरे में सोई थी। उसका पति घर से कुछ दूर स्थित घेर में सोया था। बुधवार सुबह 5.30 बजे घर में सोए दोनों बच्चे रोने लगे। उनके रोने की आवाज सुनकर पास के मकान में सोए महिला के जेठ व अन्य ससुराल पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे तो वहां महिला अचेत मिली। परिजनों ने गांव के एक डॉक्टर से महिला की जांच कराई, जिसने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर महिला के मायके पक्ष से लोग गांव बरूकी पहुंचे और शव की स्थिति देखकर उसकी हत्या करने का आरोप लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर सीओ राममोहन शर्मा व इंस्पेक्टर एमएस गिल टीम के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों से वार्ता कर महिला के शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेजने लगे। इसी दौरान दोनों पक्षों में ग्रामीणों ने समझौता करा दिया, जिस पर मायके पक्ष ने पुलिस कार्रवाई से इंकार कर दिया। इस पर शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया, जिसके बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। सीओ राममोहन सिंह ने बताया कि परिजनों ने महिला की मौत बीमारी से होना बताते हुए कार्रवाई से इंकार कर दिया, जिस पर शव को उनके सुपुर्द कर दिया गया है।