महिला की संदिग्ध हालात में मौत
तितावी। गांव बुड़ीना खुर्द निवासी महिला की रविवार रात संदिग्ध हालात में मौत हो गई। सिर व शरीर पर चोटों के निशान देख मायके पक्ष ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया, जिसके चलते पुलिस को कोई सूचना नहीं दी गई।
थाना क्षेत्र के गांव बुड़ीना खुर्द निवासी नौशाद का निकाह करीब 12 साल पूर्व मोरना निवासी सायरा (35) के साथ हुआ था। दंपती के चार बच्चे हैं, जिनमें दो लड़के व दो लड़कियां हैं। रविवार देर रात सायरा की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। सोमवार सुबह महिला की मौत की जानकारी मिलने पर उसके मोरना निवासी मायके पक्ष के लोग बुड़ीना खुर्द पहुंचे। वहां शौहर व ससुराल पक्ष के लोगों ने महिला की देर रात अचानक मौत होने की जानकारी दी, लेकिन सायरा के शरीर व सिर पर चोट के गंभीर निशान देख मायके पक्ष के लोग भड़क गए। परिजनों ने शौहर व ससुराल पक्ष पर महिला की पीट-पीटकर हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। जमकर हंगामे के चलते दोनों पक्षों में टकराव के हालात उत्पन्न हो गए। हालांकि बाद में गांव के जिम्मेदार लोगों ने आगे आते हुए दोनों पक्षों से वार्ता कर उनके बीच समझौता करा दिया। इसके बाद महिला के शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। पुलिस को इस संबंध में कोई जानकारी नहीं दी गई। एसआई राधेश्याम यादव का कहना है कि पुलिस के पास इस संबंध में कोई सूचना नहीं आई है। तहरीर आती है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।