कोरोना से महिला की मौत, 18 संक्रमित मिले
मुजफ्फरनगर। जनपद में कोरोना का संक्रमण कम नहीं हो रहा है। मंगलवार को कोविड अस्पताल बेगराजपुर में भर्ती एक कोरोना पीड़ित महिला की मौत हो गई, जबकि 18 लोग संक्रमित मिले हैं, जिनमें जानसठ नगर पंचायत के दो कर्मचारी भी शामिल हैं। 30 मरीजों ने कोरोना को मात दी है, जिन्हें कोविड अस्पताल से छुट्टी मिली है। इसके बावजूद एक्टिव केस 157 है, जबकि मृतकों की संख्या 23 हो गई है।
सीएमओ डॉ प्रवीण कुमार चोपड़ा ने बताया कि नई मंडी के अवध विहार निवासी यातायात पुलिस में तैनात होमगार्ड कोरोना पॉजिटिव आया था। पांच दिन पहले उसकी 55 वर्षीया पत्नी भी संक्रमित मिली थी। उसे भी बेगराजपुर मुजफ्फरनगर मेडिकल कॉलेज में स्थित कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां पर मंगलवार शाम को उसकी मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से परिजनों की मौजूदगी में पूरे नियमों का पालन करते हुए शहर के श्मशान घाट पर उसका अंतिम संस्कार कराया गया।
उधर, एडीएम वित्त एवं राजस्व आलोक कुमार ने बताया कि मंगलवार को आई जांच रिपोर्ट में 18 लोग पॉजिटिव मिले हैं। इनमें जानसठ नगर पंचायत के दो कर्मचारी भी शामिल हैं। इनके अलावा गुनियाजुड्डी में एक, दूधली में एक, लद्दावाला में एक, गंगारामपुरा में एक, इंदिरा कालोनी में तीन, छपार में चार, गांधी कालोनी में दो, बुढ़ाना में तीन लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इनमें एक टू् नेट से नौ रैपिड जांच में संक्रमित मिले। बाकी की जांच रिपोर्ट मेरठ लैब से आई है। तीस मरीज ठीक हुए है, जिन्हें कोविड अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। अब तक टोटल 740 केस मिल चुके हैं, जिनमें से 564 मरीज ठीक हो गए है। अब कोविड अस्पताल में 157 एक्टिव केस है।
परिजनों को कराया क्वारंटीन
चरथावल। मंगलवार को दूधली गांव में कोरोना पॉजिटिव युवक मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने परिवार के चार सदस्यों को होम क्वारंटीन कर दिया। संक्रमित युवक को बेगराजपुर हॉस्पिटल भिजवाने के बाद परिवार के सदस्यों को होम क्वारंटीन कर दिया। पूरी गली को सील किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 376 परिवार को सर्वे कर कोरोना के लक्षणों की पड़ताल की। सीएचसी प्रभारी डा. सतीश कुमार ने बताया दूधली में युवक पहले गाजियाबाद से यहां आया था। वहां भी उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। गांव आने के बाद जिला चिकित्सालय में उसकी जांच कराई, तो यहां भी पॉजिटिव रिपोर्ट आ गई। उसके परिजनों को होम क्वारंटीन कर दिया गया। गुनियागुडडी के मरीज के परिजनों को भी क्वारंटीन किया गया है।
गांव भूराहेड़ी सील
पुरकाजी। गांव भूराहेड़ी में कोरोना संक्रमित मिले युवक के परिजनों को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्वारंटीन किया है। टीम ने परिवार को होम घर में रहने की हिदायत देकर पूरे मोहल्ले को सील कर दिया है। ग्राम प्रधान नवीन राठी ने बताया कि मौहल्ले व स्कूल सहित गांव में अन्य जगहों पर भी सैनिटाइज कराया गया है। बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम को गांव में बुलाकर युवक के परिवार की कोरोना जांच कराई जाएगी।
रोडवेज कर्मी भी संक्रमित
छपार। कस्बा निवासी युवक मुजफ्फरनगर रोडवेज डिपो में संविदाकर्मी के रूप में कार्यरत है। कर्मचारियों की कोरोना जांच कराई गई थी, जिसमें युवक की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इस पर मंगलवार दोपहर उसे बेगराजपुर स्थित आइसोलेशन सेंटर में भर्ती करा दिया गया है। वहीं, गांव बरला में भी महिला जांच में कोरोना पॉजिटिव पाई गई। उसे भी मंगलवार को एंबुलेंस से बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज ले जाकर भर्ती कराया गया है। दोनों के परिजनों को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्वारंटीन किया है।