मोरना में जांच करती स्वास्थ्य विभाग की टीम
- फोटो : KHATAULI
मुजफ्फरनगर। कोरोना का संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। बृहस्पतिवार को कोरोना से पीड़ित एक महिला की मेरठ मेडिकल में मौत हो गई। जांच रिपोर्ट में 12 नए केस शहर और देहात में मिले हैं। यातायात पुलिस का कांस्टेबिल भी पॉजिटिव पाया गया। जिससे पुलिस लाइन में हड़कंप मच गया। सभी मरीजों को कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर, 24 मरीज ठीक हुए है। एक्टिव केस 138 हो गए हैं। जिले में टोटल मरीजों का आंकड़ा 494 पहुंच गया है। जिले के 19 लोग इस बीमारी से मर चुके है।
सीएमओ डॉ. प्रवीण कुमार चोपड़ा ने बताया कि लद्दावाला निवासी 62 साल की महिला कोरोना पॉजिटिव थी। उसे मेरठ मेडिकल में भर्ती कराया गया था, जहां पर उसकी मौत हो गई। बृहस्पतिवार को 12 लोग पॉजिटिव मिले हैं। इनमें पुलिस लाइन की बैरक में रहने वाला यातायात पुलिस का कांस्टेबिल भी शामिल है। मीरापुर नगर पंचायत का सफाई कर्मी भी संक्रमित मिला है। कृष्णापुरी निवासी 15 साल के किशोर की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। सीएमओ ने बताया कि वहलना गांव में दो, बुढ़ाना बाजार में एक, पुरकाजी में एक, रसूलपुर गांव में एक, गढ़ी नौआबाद में एक, शहर के गोशाला मोहल्ले में एक, मिमलाना रोड पर एक, मंसूरपुर में एक मरीज संक्रमित मिला है। सभी को कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आज मिले अधिकांश केस नए हैं।