फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Muzaffarnagar News: पानीपत-खटीमा हाईवे पर ओवरलोड ट्रक ने महिला को कुचला, मौत

विज्ञापन
 तितावी ।  एक्सीडेंट के बाद मौके पर एकत्र भीड़। संवाद
विज्ञापन
तितावी। पानीपत-खटीमा हाईवे पर तितावी थाना क्षेत्र के गांव सैदपुर-अमीरनगर अंडरपास के नीचे मंगलवार सुबह रेहड़े में पशुओं के लिए चारा लेने पुत्रवधू सुमन के साथ जा रही सोना उर्फ दलबीरी (65) को पीछे से आए रेत से ओवरलोड लदे ट्रक ने कुचल दिया। महिला की मौत हो गई। मौके पर काफी लोग एकत्र हो गए। उन्होंने चालक को ट्रक लेकर भागने का प्रयास करते हुए पकड़ लिया। उसकी पिटाई की और उसे पुलिस को सौंप दिया। हादसा चालक के शॉर्ट कट रास्ता अपनाने के चलते हुआ।
विज्ञापन




महिला सोना उर्फ दलबीरी मंगलवार को रोज की तरह रेहड़े में पशुओं के लिए चारा लेने खेत पर जा रही थीं। महिला रेहड़ा चला रही थी जबकि उसकी पुत्रवधू पैदल रेहड़े के साथ-साथ चल रही थी। जैसे ही वह दोनों सैदपुर-अमीरनगर अंडरपास के नीचे पहुंची, तभी रेत से लदे शामली की तरफ से पीछे से आए एक ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। महिला ट्रक के पहिए के नीचे आ गईं। उनकी पुत्रवधू बाल-बाल बच गई।



हादसे को देखकर उधर से जा रहे राहगीरों व आसपास मौजूद और सूचना पाकर पहुंचे लोगों ने आरोपी ट्रक चालक को दबोच लिया। उसकी पिटाई की। लोगों ने महिला के शव को ट्रक के नीचे से किसी तरह बाहर निकाला।
विज्ञापन




घटना की जानकारी मिलते ही सीओ फुगाना विश्वजीत सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। घटना को लेकर लोगों में गुस्सा था। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए शव को मोर्चरी भेज दिया। मृतका के पुत्र विनोद ने रिपोर्ट दर्ज कराई है।



परिजनों में शोक



मृतक बुजुर्ग महिला के तीन पुत्र हैं। बड़ा बेटा प्रमोद (40) , मंझला बेटा विनोद (35) और छोटा बेटा लोकेश (30) हैं। सभी शादीशुदा हैं। बेटी की शादी हो चुकी है। परिजनों में शोक है।



ग्रामीणों में घटना से रोष



इस हादसे के बाद से स्थानीय निवासियों में प्रशासन के खिलाफ गहरा गुस्सा है। आरोप है कि क्षेत्र में अवैध खनन और ओवरलोड वाहनों की आवाजाही लगातार बढ़ती जा रही है। ये भारी वाहन मुख्य हाईवे को छोड़ कर ग्रामीण रास्तों और अंडरपास से होकर गुजरते हैं। संकरी सड़कों पर इन भारी ट्रकों की तेज रफ्तार के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। ग्रामीण नीरज प्रधान , ओमवीर, संजीव, रामवीर व अन्य ने जिला प्रशासन से मांग की है कि ग्रामीण इलाकों में भारी वाहनों के प्रवेश पर तुरंत रोक लगाई जाए और अवैध खनन व ओवरलोडिंग करने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।



लापरवाही आई सामने



बताया गया कि इस ट्रक को अंडरपास के ऊपर से जाना था लेकिन चालक ने लापरवाही बरतते हुए अंडरपास के नीचे सर्विस रोड से होकर जाना चाहा। इसी के चलते हादसा हुआ।



वर्जन



ट्रक को कब्जे में लिया है। चालक लालूखेड़ी निवासी देवेंद्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। कार्रवाई की जा रही है। एनएचएआई के अधिकारियों से बात करते हुए सर्विस रोड के दोनों तरफ छोटे ब्रेकर बनवाए जाएंगे। ट्रक चालक जनपद शामली के झिंझाना थाना क्षेत्र के बिडौली गांव से रेत लेकर मुजफ्फरनगर जा रहा था। इस बारे में एआरटीओ व खनन अधिकारी को सूचना दी है। - विश्वजीत सिंह, सीओ फुगाना
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें